News
International International लंदन.
ब्रिटिश काउंटी डरहम के शहर बिशप ऑकलैंड में रहने वाले गैरी और ऐन हेनरी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि एक जिप्सी (घुमंतू जाति) व भिखारी महिला की बात सच हो जाएगी और वह साढ़े 4 मिलियन पाउंड यानी करीब 39 करोड़ रुपए की लॉटरी जीत जाएंगे।
दरअसल, इस दंपति को यह महिला कुछ दिन पहले मिली थी। उन्होंने उसे खाने के लिए एक सैंडविच और चाय दी। उस वक्त उस महिला ने गैरी और ऐन के करोड़पति बनने की भविष्यवाणी कर दी थी।
महिला ने कहा, ‘मैं चार अंक देख सकती हूं लेकिन जो रकम तुम जीतने वाले हो, उसमें इससे भी ज्यादा जीरो हो सकते हैं।’ उस समय तो इन दोनों ने इसे मजाक में लिया था, पर इसके सच होने के बाद वह काफी खुश हैं।
ऐन ने बताया, ‘मैं भविष्य बताने वाले लोगों में विश्वास रखती हूं लेकिन मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मेरे बारे में की गई भविष्यवाणी सच हो जाएगी।’
वह महिला जिप्सी जैसी नहीं लग रही थी, बल्कि एक गरीब बूढ़ी थी, जिसके पास ज्यादा पैसे नहीं थे। उसने हमारे नंबर गेम वाली लॉटरी में जीतने की भविष्यवाणी की थी, जो सच हो गई।’
बच्चों के जन्मदिन की तारीखों पर जीती लॉटरी :
ऐन और गैरी ने जो नंबर लगाकर लॉटरी जीती, वे नंबर उनके बच्चों की जन्मदिन की तारीखों पर थे। लॉटरी जीतने के बाद यह दंपति नया बंगला खरीदना चाहता है। इसके अलावा कुछ पैसे वे अपने तीनों बच्चों के लिए रखना चाहते हैं।
हालांकि ऐन को अब इस बात का दु:ख हो रहा है कि वह उस महिला को खाने के लिए सैंडविच और चाय का कप ही दे सकी। उस महिला ने उससे वादा किया था कि अगर ऐन लॉटरी जीत गई, तो क्रिसमस में वह दोबारा उससे मिलने आएगी। अब ऐन को इंतजार है कि वह महिला क्रिसमस में उससे मिलने आए।