उदयपुर. उदयपुर का पुराने रेलवे स्टेशन (राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन) की पहचान अब मॉडल स्टेशन के रूप में बनने वाली है। चार दशक से उपेक्षित पड़े उपनगरीय रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम शुरू हो गया है।
रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव ने यहां मॉडल स्टेशन बनाने की घोषणा की थी। उसके मापदंडों के तहत रेलवे के सिविल इंजीनियर्स ने राणाप्रताप नगर के प्लेटफार्म, यार्ड, गुड्स यार्ड, स्टेशन बिल्डिंग की पेमाईश शुरू कर दी है।
स्टेशन पर होने वाले बदलाव की सूची तैयार कर ली गई है। रेलवे इंजीनियर्स के मुताबिक स्टेशन के सौंदर्यीकरण के साथ यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। स्टेशन की पुरानी हैरीटेज बिल्डिंग मेवाड़ी स्थापत्य कला के अनुरूप निखारी जाएगी।
मोलेला के कलाकार टेराकोटा आर्ट से स्टेशन का भवन संवारेंगे। सामान्य प्रतीक्षालय आधुनिक सुविधायुक्त बनाया जाएगा। वातानुकूलित श्रेणी के यात्रियों के बैठने के लिए वैटिंग रूम का निर्माण होगा।
आरक्षण तथा अनारक्षण टिकट के अलग-अलग काउंटर खोले जाएंगे। राणाप्रताप नगर को मॉडल स्टेशन बनाने का कार्य इसी माह शुरू कर दिया गया है। मॉडल स्टेशन के मापदंड तय हैं उसी के अनुरूप निर्माण कार्य कराए जाएंगे। मार्च तक हर हाल में यह स्टेशन बदले हुए स्वरूप में दिखाई देगा।
-रवीन्द्र टंडन, मंडल रेल प्रबंधक, अजमेर