News
Chhattisgarh
Raipur Raipur तोंगपाल (बस्तर)बस्तर और दंतेवाड़ा जिले के दो गांवों में उल्टी-दस्त से हफ्ते भर में चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। तीन दर्जन से ज्यादा मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं।
बस्तर के दरभा ब्लाक के ग्राम धूररास में सुनेर पिता बुधा (60) ने बुधवार शाम 5 बजे दम तोड़ दिया। एक मौत के सदमे से गांव के लोग उबरे नहीं थे कि शुक्रवार को बालमति पति रामधर (28) ने दम तोड़ दिया।
गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए दरभा हास्पिटल लाया जा रहा था। उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण ब्लाक में भी उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।
ग्राम छोटेलखापाल में अब तक तीन महिलाओं की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। गांव राष्ट्रीय राजमार्ग 221 से करीब तीन किमी दूर है। बुधवार को कवासी हिड़मा पति मासा (25), मंगलवार को मेडी पति तुलसा (35) और शुक्रवार को कवासी मासे पति हुंगा (25) की मौत हुई। मेडी और कवासी की मौत के बाद उनके 3-4 महीने के शिशुओं की परवरिश की चिंता परिजनों को खाए जा रही है।
मरीजों के साथ कूकानार अस्पताल पहुंचे लोगों ने बताया कि गांव में अभी भी तीन दर्जन से ज्यादा लोग बीमार हैं। इनमें एक महिला मड़कामी सुकड़ी पति बोटी की हालत चिंताजनक है।
ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और चिकित्सक गांव नहीं आए। मजबूरी में लोग बैगा-गुनिया का सहारा ले रहे हैं।
कूकानार अस्पताल उल्टी-दस्त के मरीजों से भरा पड़ा है। यहां लखापाल के तीन और भंडाररास के सात ग्रामीण गंभीर दशा को देखते हुए भर्ती किए गए हैं। कूकानार के सरपंच सोनाधर नाग की मां भी उल्टी-दस्त की वजह से अस्पताल में भर्ती है। कूकानार में साप्ताहिक बाजार के दिन गुरुवार को बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल में सिर्फ दो चिकित्सक
अस्पताल में केवल दो आयुर्वेद चिकित्सक और दो सहायक पदस्थ हैं। दरभा के बीएमओ डा. पीएल मंडावी ने बताया कि स्टाफ की कमी है। दंतेवाड़ा कलेक्टर एसपी शोरी ने बताया कि वह सीएमओ से हालात की जानकारी लेंगे।
प्रभावित गांव छोटेलखापाल में शनिवार को चिकित्सकों की टीम भेजी जाएगी। बस्तर के सीएमओ डा. अब्दुल रशीद का कहना है कि जिले में एक वृद्ध और महिला की मौत की वजह उल्टी दस्त नहीं है। वृद्ध बीमार था। महिला की मौत ज्यादा शराब पीने से हुई।