News
International International न्यूयॉर्क. वैज्ञानिकों ने दुनिया की सबसे पुरानी चट्टानों की खोज करने में कामयाबी हासिल की है। कनाडा की यूनिवर्सिटी ऑफ मैकगिल के नेतृत्व में एक अंतरराष्ट्रीय टीम द्वारा खोजी गई ये चट्टानें सवा चार अरब से अधिक वर्ष पुरानी हैं। माना जा रहा है कि इससे पृथ्वी पर जीवन की शुरुआत के बारे में और जानकारी मिल सकेगी।
कनाडा में हडसन की खाड़ी के तट से लगे उत्तरी क्यूबेक में खोजी गई चट्टानें चार अरब 28 करोड़ वर्ष पुरानी बताई जा रही हैं। उत्तरी क्यूबेक के कस्बे इनुकजुआक से 40 किमी दक्षिण में स्थित यह क्षेत्र नुवुआगिटुक ग्रीनस्टोन बेल्ट के रूप में जाना जाता है। इससे पहले कनाडा के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में स्थित चट्टानों के समूह एकास्टा नैज को दुनिया की सबसे पुरानी चट्टानें माना जाता था।
ये चट्टानें करीब 4.03 अरब वर्ष पुरानी हैं। टीम का नेतृत्व करने वाले प्रमुख वैज्ञानिक रिचर्ड कार्लसन ने कहा, उत्तरी क्यूबेक की चट्टानें दुनिया की अब तक ज्ञातसबसे पुरानी चट्टानें हैं।
कैसे पता करते हैं चट्टान की उम्र
कोई चट्टान कितने वर्ष पुरानी है, वैज्ञानिक इसका अनुमान आइसोटोपिक डेटिंग से लगाते हैं। इसके अंतर्गत चट्टान में पाए जाने वाले रेडियो एक्टिव तत्व नियोडिमियनम142 के क्षय का विश्लेषण किया जाता है। यह तकनीक चार अरब एक करोड़ या इससे अधिक वर्ष पुरानी चट्टानों में ही उपयोग की जा सकती है।
पृथ्वी को चार अरब 60 करोड़ वर्ष पुराना माना जाता है। इस खोज से प्राप्त आंकड़े शोधकर्ताओं को पृथ्वी से संबंधित गूढ़ रहस्यों को जानने में मददगार साबित होंगे। टीम के सदस्य जोनाथन ओनील के अनुसार भूगर्भ शास्त्री अब यह पता लगा लगा सकते हैं कि पृथ्वी पर जीवन कब और कैसे प्रारंभ हुआ, यहां का वातावरण उस समय कैसा रहा होगा और पहले महाद्वीप का गठन कैसे हुआ होगा।