सोनीपत
गेट-वे इंटरनेशनल स्कूल की टीचर्स अब स्कूल में सलवार सूट और साड़ी नहीं पहन सकेंगी। उन्हें नीली जींस व कुर्ता पहनकर स्कूल आना होगा। स्कूल प्रशासन ने टीचर्स के लिए ड्रेस कोड लागू कर दिया है।
इसके साथ ही यह जिले का ऐसा पहला स्कूल बन गया है जहां अध्यापिकाओं के लिए जींस-कुर्ता पहनना अनिवार्य होगा। स्कूल के प्रधानाचार्य के मुताबिक यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि स्कूल में अनुशासन बना रहे।
स्कूल की कुछ अध्यापिकाएं हालांकि नए ड्रेस कोड को सुविधाजनक बता रही हैं लेकिन कुछ को इसपर एतराज है। उनका कहना है कि साड़ी व सलवार सूट उनका पारंपरिक पहनावा है जबकि जींस व कुर्ता पहनने में खुद को असहज महसूस करती हैं।
मगर प्रबंधन की बात मानना मजबूरी है। यह सब सिर्फ इसलिए किया जा रहा है ताकि अभिभावकों को लगे कि उनका बच्च मॉडर्न परिवेश में शिक्षित हो रहा है।
ऋषिकुल विद्यापीठ में सबसे पहले ड्रेस कोड लागू किया गया था। इसके बाद कई स्कूलों ने अपना ड्रेस कोड लागू किया लेकिन जींस और कुर्ता पहनने का आदेश जारी करने वाला गेट-वे इंटरनेशनल जिले का पहला स्कूल है।
स्कूल में लंबे समय तक काम करने के लिए यह ड्रेस सुविधाजनक है। स्कूल एयरकंडीशंड है इसलिए कॉटन के कपड़े ज्यादा सुविधाजनक हैं। नए ड्रेस कोड से जहां अनुशासन बना रहेगा वहीं यह किफायती भी है।
-जेके सिंह, प्रधानाचार्य गेट-वे इंटरनेशनल स्कूल, सोनीपत