पंचकूला.
पानीपत के गांव समालखा की सुमन (28) ने शनिवार को यहां डीजीपी कार्यालय में जहर खाकर खुदकुशी का प्रयास किया। उसे पुलिस जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुमन का आरोप है कि पुलिस ने उसके भाई के हत्यारों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की।
जमीनी विवाद में सुमन के भाई की कुछ दिन पहले हत्या कर दी गई थी। सुमन का आरोप है कि इस मामले में वह कई बार पानीपत के एसपी से मिली लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ तो वह शनिवार को डीजीपी से मिलने पहुंची थी।
सुमन ने वहां उपस्थित कर्मचारियों को चेताया कि अगर उसे उच्चधिकारियों से मिलने नहीं दिया गया तो वह खुदकुशी कर लेगी। जब उसे बताया गया कि आज छुट्टी है और अधिकारी नहीं हैं तो उसने जहर खा लिया। सुमन की बिगड़ती हालत देखकर उसे तुरंत सेक्टर 6 स्थित पुलिस जनरल अस्पताल लाया गया।
इस दौरान वह लड़खड़ाती आवाज में कहती रही कि उसकी हत्या के लिए पानीपत के एसपी जिम्मेदार हैं। अगर पुलिस उसकी शिकायत पर कार्रवाई करती तो आज उसका भाई जिंदा होता। एसपी संदीप खिरवार, डीएसपी रामचंद्र राठी भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे।
अस्पताल के कमरा नंबर 16, जिसमें सुमन को रखा गया है, के पिछले दरवाजे पर भी पुलिस ने पहरा लगा दिया है। खिरवार ने बताया कि सुमन की शिकायत पर पानीपत में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज है। उसके भाई के कत्ल के मामले में पानीपत पुलिस ने कुछ आरोपी गिरफ्तार किए हैं। पानीपत के एसपी ने उन्हें बताया कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सरिता ने भी की थी खुदकुशी
बीते 9 जून को रोहतक की सरिता ने भी पुलिस से इंसाफ न मिलने का आरोप लगाते हुए डीजीपी ऑफिस में आत्महत्या कर ली थी।
शमशीदा ने दी थी धमकी
यमुनानगर की शमशीदा ने भी डीजीपी से मुलाकात न हो पाने पर आत्मदाह की धमकी दी थी। बाद में डीजीपी ने शमशीदा से मुलाकात की और जांच के बाद मामला दर्ज हुआ।