Sports
Other Sports Other Sports बैंकाक.भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के लूकास ड्लोही की जोड़ी ने स्कॉट लिप्स्की और डेविड मार्टिन की अमेरिकी जोड़ी को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-4, 7-6 से हरा कर थाईलैंड ओपन टेनिस का पुरुष युगल का खिताब जीत लिया।
35 वर्षीय पेस का यह 40वां एटीपी युगल खिताब है। हालांकि पेस-ड्लोही की जोड़ी का यह पहला एटीपी खिताब है। गौरतलब है कि पेस इससे पहले 2005 में पॉल हैनले के साथ मिलकर थाईलैंड ओपन का युगल खिताब जीत चुके हैं।
बहाना पड़ा पसीना
शीर्ष वरीयता प्राप्त पेस-ड्लोही की जोड़ी को 1 घंटा 16 मिनट तक चले फाइनल मैच में जीत दर्ज करने के लिए काफी पसीना बहाना पड़ा। दूसरे सैट का टाई ब्रेक मुकाबला 7-6 (4) से जीतने के बाद ही इस जोड़ी ने राहत की सांस ली।
दमदार सर्विस से जीते
यूएस ओपन की उपविजेता पेस-ड्लोही की जोड़ी ने पूरे मैच में पांच एस सर्व मारे। इस जोड़ी ने मैच में 74 प्रतिशत अंक अपनी सर्विस से हासिल किए और चार में से दो ब्रेक पॉइंट का इस्तेमाल करने में सफल रहे।
कामयाबी की नई मंजिल
खिताब जीतने के बाद लिएंडर पेस ने कहा,‘40वां युगल खिताब जीत कर मैं बहुत रोमांचित हूं। ड्लोही का यह पांचवां खिताब है। मुझे विश्वास है कि हम दोनों मिल कर कामयाबी की नई मंजिल तय करेंगे। लूकास और मैं कोर्ट पर एकदूसरे के पूरक हैं।’
रॉडिक ने जीता चाइना ओपन
अमरीका के एंडी रॉडिक ने इजरायल के डूडी सेला को चाइना ओपन के फाइनल में 6-4,6-7,6-3 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। इस सत्र में रॉडिक का यह तीसरा एटीपी खिताब है। दूसरी वरीयता प्राप्त रॉडिक को पहली बार एटीपी के फाइनल में पहुंचे सेला के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जांकोविक ने जीता चाइना ओपन
चाइना ओपन में महिला एकल वर्ग के खिताबी मुकाबले में शीर्ष वरीयता प्राप्त सर्बिया की जेलेना जांकोविक ने चौथी वरीयता प्राप्त रूस की स्वेतलाना कुजनेत्सोवा को सीधे सैटों में 6-3, 6-2 से हराया।
जांकोविक ने रूसी चुनौती को एक घंटा 14 मिनट में तोड़ दिया। जांकोविक ने पहले सेट को 6-3 से हासिल किया। दूसरे सेट में कुजनेत्सोवा का प्रतिरोध और भी कम हो गया और वे महज 2 गेम ही अपने नाम कर पाईं। जांकोविक ने मैच में 4 डबल फाल्ट किए और 2 एस लगाए।
जांकोविक ने पहली सर्विस पर 39 में से 26 यानी 67 फीसदी अंक बटोरे। इसके विपरीत कुजनेत्सोवा पहली सर्विस पर 37 में से 19 यानी 51 प्रतिशत अंक ही ले पाईं।
मैं बहुत खुश हूं
विश्व के 92वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सेला पर जीत के बाद रॉडिक ने कहा, ‘जीत आखिर जीत है और खिताब जीतकर मैं बहुत खुश हूं।’ गौरतलब है कि वर्ष 2000 के बाद किसी एटीपी के फाइनल में पहुंचने वाले सेला पहले इजरायली खिलाड़ी हैं।