गुड़गांव. यहां एक हादसे में ट्रक ड्राइवर के गले में घुसा सरिया सिर को फाड़ते हुए पार निकल गया, लेकिन डॉक्टरों ने दो घंटे के जटिल ऑपरेशन के बाद सरिये को निकालकर उसे जीवित बचा लिया। गुड़गांव के सिलोखरा में एक कंपनी की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य में लगा एक डंपर रात करीब ढाई बजे पलट गया। इसे पश्चिम बंगाल निवासी 42 वर्षीय मोहम्मद मंडल चला रहा था।
डंपर पलटते ही छह एमएम मोटा व दो मीटर लंबा सरिया मंडल के गले में धंसते हुए सिर के बाहर निकल गया। सरिया गले के दरई ओर से धंसा तथा श्वास नली, जीभ को चीरते हुए बाई आंख के बगल से होते हुए कनपटी के पास निकला हुआ था। हादसे के तुरंत बाद मंडल को सुशांत लोक स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां करीब दो घंटे तक जटिल ऑपरेशन के बाद सरिये को बाहर निकाल दिया गया। ऑपरेशन करने वाली डॉक्टर मीनाक्षी शर्मा ने बताया कि मरीज के ट्यूब लगाकर सांस का रास्ता बनाया गया।
कुछ दिन तक उसे भोजन भी ट्यूब के जरिये ही दिया जाएगा। उल्लेखनीय कि इसी तरह का हादसा दिल्ली के सुप्रतीम के साथ हुआ था। दिल्ली की कार एक एंगल से टकरा गई थी।
यह एंगल सुप्रतीम का सीना चीरते हुए शरीर के पार हो गया था। उसे भी डॉक्टरों ने कई घंटे के जटिल ऑपरेशन के बाद जिंदा बचा लिया था।