News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.पंजाब क्रिकेट क्लब (पीसीसी) ने जसकरन सिंह की धारदार गेंदबाजी (४ विकेट) और तरुवर कोहली के 60 रन की पारी की बदौलत इंडियन सीमेंट को 5 विकेट से पराजित कर 15वें ऑल इंडिया जे.पी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। कोहली को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रविवार को सेक्टर-16 स्टेडियम में खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में इंडियन सीमेंट के 132 रन के टारगेट को पीसीसी ने 35.3 ओवर में 5 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
इससे पहले इंडियन सीमेंट ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पीसीसी के मीडियम पेसर जसकरन सिंह ने सलामी बल्लेबाज अरुण कार्तिक को चार रन पर बोल्ड कर टीम को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में जसकरन ने आर. प्रसन्ना (शून्य पर) को एलबीडब्ल्यू कर सीमेंट को दूसरा झटका दिया।
सीमेंट की टीम एक समय 76 रन पर 5 विकेट खो चुकी थी। इसी नाजुक स्थिति पर एस. शरत (34) और शिवा कुमार (18) ने टीम का स्कोर 100 से उपर पहुंचाया। पीसीसी की तरफ से स्पिनर वरुण खन्ना, करन गोयल और सरबजीत लाड़्ा ने 2-2 विकेट लिए।
आईपीएल के स्टार गेंदबाज मनप्रीत गोनी हालांकि विकेट नहीं ले सके लेकिन उन्होंने अपने 8 ओवर में 2 मेडन सहित केवल 19 रन देकर बल्लेबाजों को बांधे रखा। 135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीसीसी को भी शुरुआती झटके सहने पड़े।
इंडियन सीमेंट के गेंदबाज सुरेश ने ओपनर्स करन गोयल (8) और रविइंदर सिंह(5) को आउट कर पीसीसी के सामने मुश्किले खड़ी कर दी। एक समय पीसीसी भी 24 रन पर 4 विकेट गवां चुकी थी लेकिन अंडर-19 वल्र्ड कप चैंपियन टीम के सदस्य तरुवर कोहली ने एक छोर थामे रखा और 90 गेंद में 7 चौकों की मदद से 60 रन की पारी खेली। कप्तान पकंज धर्माणी ने भी उपयोगी 41 रन बनाए। सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल एमआरएफ और इंडियन ऑयल कॉपरेरेशन के बीच सेक्टर-16 स्टेडियम में खेला जाएगा।
मेरे लिए अहम होगा मैच: गोनी
ऑस्ट्रेलियन टीम के खिलाफ हैदराबाद में होने वाले मैच के लिए बोर्ड प्रेजीडेंट की टीम में शामिल पंजाब के तेज गेंदबाजी मनप्रीत गोनी इस मैच को अपने के लिए काफी अहम मानते हैं। जेपीअत्रे टूर्नामेंट में पीसीसी की तरफ से खेल रहे गोनी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैं अपना बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा।
अगर मैं बढ़िया कर पाया तो अपना दावा मजबूत कर सकता हूं। अपनी फिटनेस के बारे में गोनी ने कहा कि पिछले दिनों नेशनल क्रिकेट अकादमी(एनसीए) में एक हफ्ते का कैंप लगा कर लौटा हूं, जिससे मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं। गेंदबाजी में भी मैंने अपनी कमियों को सुधारा है।
जाफर खेलेंगे सेमीफाइनल मैच :
सोमवार को इंडियन ऑयल कॉपरेरेशन की तरफ से वसीम जाफर भी एमआरएफ के खिलाफ जेपीअत्रे टूर्नामेंट में सेमीफाइनल में उतरेंगे। वडोदरा से ईरानी ट्रॉफी का मैच खेल कर जाफर रविवार की शाम चंडीगढ़ पहुंचे। जाफर के अलावा रोहित शर्मा के भी पहुंचने की खबर थी लेकिन आईओसी के मैनेजर ने बताया कि सिर्फ जाफर ही चंडीगढ़ आए हैं।