bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

ऑस्ट्रेलियाई युवाओं को कम नहीं आंक सकते : सचिन

बेंगलुरू.भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को भले ही अनुभवहीन और कमजोर बताया जा रहा हो, लेकिन मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर इससे इत्तफाक नहीं रखते। पूर्व भारतीय कप्तान ने सोमवार को कहा कि ऑस्ट्रेलिया के युवाओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता और भारत की टीम उनके खिलाफ पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतरेगी। चार टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच बेंगलुरू में 9 अक्टूबर से खेला जाएगा।

सचिन ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के जो खिलाड़ी अभी तक अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले हैं, वे सभी पर्याप्त संख्या में प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं। जाहिर है ये खिलाड़ी मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने की काबिलियत रखते हैं।

ऐसे में इन्हें कमजोर आंकना भूल होगी। गौरतलब है कि 15 सदस्यीय मेहमान टीम के सिर्फ 4 खिलाड़ियों को ही भारत में टेस्ट खेलने का अनुभव है।

सचिन ने कहा कि टीम मैनेजमेंट के पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनाने के लिए कई योजनाएं और रणनीति हैं। अगले तीन-चार दिनों में यह तय कर लिया जाएगा कि भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्या रणनीति अपनाएगी।टाल गए सौरव पर सवाल :

ज्यादातर मामलों में खुलकर जवाब देने वाले सचिन तेंडुलकर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को शेष भारत एकादश की टीम में शामिल नहीं किए जाने संबंधी सवाल टाल गए। सचिन ने कहा कि सौरव के बारे में सही जवाब कप्तान, कोच और चयनकर्ता ही दे सकते हैं, क्योंकि अंतिम तौर पर टीम के चयन के लिए वही जिम्मेदार होते हैं।

अपने घर में सुरक्षा की चिंता नहीं :-

हाल के दिनों में नई दिल्ली, अहमदाबाद और बेंगलुरू में हुए विस्फोटों के बावजूद सचिन सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर चिंतित नहीं हैं। सचिन ने कहा कि कहा कि भारतीय खिलाड़ियों को भरोसा है कि अपनी मातृभूमि में उन्हें कोई क्षति नहीं पहुंचाएगा। हालांकि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों की सुरक्षा चिंताओं पर कोई भी टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।

रिकॉर्ड नहीं, खेल महत्वपूर्ण :-टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन के विश्व रिकॉर्ड से सिर्फ 76 रन दूर खड़े सचिन (11877 रन) ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में वे रिकॉर्ड बनाने के बजाय अपने खेल पर ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि क्रिकेट एक टीम गेम है और इसमें टीम का हित व्यक्तिगत प्रदर्शन से ज्यादा मायने रखता है।

सचिन ने कहा कि यदि वे बेहतर खेलते हैं तो टीम को लाभ होगा और रिकॉर्ड भी बन जाएगा। उन्होंने उन कयासों को खारिज कर दिया कि रिकॉर्ड बनाकर वे आरामतलब हो सकते हैं।

सचिन ने कहा कि रिकॉर्ड बनाने के बाद भी वे लगातार खेलते रहेंगे। गौरतलब है कि टेस्ट में सर्वाधिक 11953 रन का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा के नाम है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड:
 

आपके विचार
Devendra singh
Monday, 29th Sep 2008, 22:22
I think india will play good in this series.