News
Chhattisgarh
Raipur Raipur जगदलपुर. राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा पाटिल के चित्रकोट प्रवास के दौरान नक्सलियों ने सोमवार सुबह 11 बजे बारसूर मार्ग पर बारूदी सुरंग में विस्फोट कर सीआरपीएफ के वाहन को उड़ा दिया।
विस्फोट में डिप्टी कमांडर समेत चार शहीद हो गए। तीन गंभीर रूप से घायल हैं। इनमें से एक को हेलिकाप्टर से रायपुर अस्पताल भेजा गया। दो का जगदलपुर के महारानी अस्पताल में इलाज चल रहा है। राष्ट्रपति के प्रवास के मद्देनजर बस्तर में कड़े सुरक्षा इंतजाम थे।
इसके बावजूद राष्ट्रपति के काफिले से करीब 27 किमी दूर हुए इस घटना ने प्रशासन के भी होश उड़ा दिए। चित्रकोट से बारसूर होते हुए गीदम का रास्ता है।
इस मार्ग पर सीआरपीएफ 41 बटालियन के जवानों की गश्त लगी थी। विस्फोट में घायल सिपाही एनके नायडू के मुताबिक सुबह 11 बजे सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडर दिवाकर महापात्र के साथ दो बालेरो वाहन में जवान गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान बंजारी घाटी में हनुमान मंदिर मोड़ के पास नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया। विस्फोट से डिप्टी कमांडर वाली पहली गाड़ी के परखचे उड़ गए। पीछे आ रहा दूसरा वाहन बाल-बाल बचा। साथ में तीन मोटरसाइकिलों में चल रहे जवानों ने नक्सलियों की ओर फायरिंग की, लेकिन वे भाग निकले।
जलप्रपात पर थी महामहिम अपने दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंची राष्ट्रपति श्रीमती पाटील घटना के दौरान चित्रकोट जलप्रपात पर थीं। इस पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। कल से ही इलाका सील था। आसपास की सड़कों पर फोर्स की गश्त लगातार जारी थी। इन मार्र्गो में बारसूर भी शामिल है। यहां विस्फोट कर नक्सलियों ने प्रशासन को चुनौती दे दी। ऐसा माना जा रहा है कि नक्सलियों ने सुरंग पहले से तैयार रखी थी।