Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा इन दिनों उनके और रितेश देशमुख के रोमांस की खबरों से काफी परेशान हैं और उनका कहना है कि इनमें जरा भी सच्चई नहीं है और ये कोरी अफवाहें हैं। मालूम हो कि जेनेलिया ने अपनी पहली दो हिन्दी फिल्मों ‘तुझे मेरी कसम’ और ‘मस्ती’ में रितेश के साथ काम किया था और उसके काफी लंबे समय बाद इस साल ‘जाने तू या जाने न’ में नजर आई थीं।
एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘मैं सिंगल ही हूं और मुझे नहीं पता कि किन लोगों ने मेरे और रितेश के अफेयर की खबरें फैला दी हैं। हम दोनों अच्छे दोस्त हैं और अपने-अपने काम में बेहद व्यस्त हैं। हमें मिलने का बहुत कम मौका मिलता है।’
जेनेलिया कहती है कि हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ वह तमिल, तेलगु और कन्नड़ फिल्मों में काम करके बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें दक्षिण फिल्म इंडस्ट्री में अच्छी भूमिकाएं मिल रही हैं, जिन्हें वह छोड़ नहीं सकती और इसलिए हिन्दी के साथ-साथ दक्षिण की फिल्मों में भी काम करती रहेंगी।
जेनेलिया ने फिल्मों में आने से पहले अमिताभ बच्चन के साथ पार्कर पैन की एड फिल्म में काम किया था और उसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम करना शुरू किया।
‘तुझे मेरी कसम’ और ‘मस्ती’ के बाद लंबे समय तक हिन्दी फिल्म इंडस्ट्री से गायब रहने के बारे पूछने पर जेनेलिया ने कहा कि वह कभी भी अभिनेत्री बनना नहीं चाहती थीं। इसलिए दो फिल्मों के बाद भी हिंदी फिल्मों को लेकर ज्यादा गंभीर नहीं रही और दक्षिण की फिल्मों की हीरोइन बन गईं।
जब जेनेलिया से यह पूछा गया कि उन्हें ‘जाने तू या जाने न’ कैसे मिली, उन्होंने कहा कि दरअसल, उनकी पार्कर की एड फिल्म मंसूर खान ने निर्देशित की थी और ‘जाने तू..’ की कास्टिंग के समय उन्होंने उन्हें फोन किया और अदिति की भूमिका उन्हें मिल गई। जेनेलिया की अगली फिल्म ‘इट्स माई लाइफ’ है, जिसमें वह हरमन बवेजा के साथ काम कर रही हैं।