bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

खरीदारी का आगाज भी आज से

जयपुर.देव शयन के कारण बंद पड़े सावों और फिर कनागतों के कारण बाजार से गायब हुई रौनक मंगलवार को नवरात्र शुरू होने के साथ लौटने को तैयार है। व्यापारियों का मानना है कि इस बार 30 से 40 प्रतिशत तक ज्यादा खरीदारी होगी। दूसरी तरफ ज्योतिषियों का भी कहना है कि इस नवरात्र में खरीदारी के कई शुभ संयोग बन रहे हैं। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों-अधिकारियों को मिलने वाला वेतन आयोग का लाभ भी बाजार की रंगत बढ़ा देगा।

बाजारों में सोमवार से ही शामियाने व झालरें लगाकर ग्राहकों को लुभाने की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। शोरूमों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। मॉल्स को आधुनिक लुक दिया गया है। कई मॉल्स में तो अधिक बिक्री की संभावना को देखते हुए हैंडसम सेल्समैन और सेल्सगर्ल नियुक्ति की गई हैं। कुछ शोरूमों पर तो शहर के यूथ को टारगेट करते हुए यूथ जोन बनाए गए हैं जो उन्हें मनोरंजक आइटम्स के साथ आकर्षित करेंगे।

बूम पर होगा ज्वैलरी कारोबार

टाटीवालाज सोल ज्वैलरी के संचालक राजीव टाटीवाला कहते हैं, शारदीय नवरात्र से हमारा छह माह का सीजन माना जाता है। इस बार बाजार में पैसा ज्यादा आने तथा कई शुभ नक्षत्र होने के कारण खरीद की अधिक संभावना को देखते हुए यह सीजन बूम पर रहेगा।

पिछले दिनों जिन्होंने जेम्स और ज्वैलरी की बुकिंग भी कराई तो उसे लेने नवरात्र में ही आएंगे। नवरात्र में जयपुर में करीब 150 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। यह पिछले साल से करीब 25 प्रतिशत अधिक होगा। इस बार कुंदन मीना पोलकी की ज्वैलरी की डिमांड अधिक होने की संभावना है।

इलेक्ट्रॉनिक्स पर रहेगा जोर

इलेक्ट्रॉनिक्स के बाजार में अच्छी खासी तैयारी है। चाहे जयंती बाजार हो या किसी मॉल का बड़ा शो रूम। हर जगह एलसीडी टीवी, फ्रिज, मोबाइल्स, वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव का बड़ा स्टॉक लाया जा चुका है।

जयंती बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष व चॉइस पैलेस के संचालक महेंद्र जैन का कहना है कि इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में करीब 20 करोड़ के कारोबार की उम्मीद है। यह पिछले साल की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ी हुई होगी।

ऑटोमोबाइल व्यवसाय को भी उम्मीद

मोरानी मोटर्स के प्रबंधक (सेल्स) संदीप अरोड़ा ने बताया कि इस बार केवल नवरात्र में ही 5-6 करोड़ के कारोबार का अनुमान है। इसमें लगभग 2000 दुपहिया वाहनों की बिक्री होगी। चौपहिया वाहनों की बिक्री पिछले साल से बढ़ने की संभावना है।

रेडीमेड गारमेंट व साड़ियां

व्यापारी चंदीराम राघानी का कहना है कि वैसे तो हर साल बाजार में नवरात्र पर ही बिक्री की शुरुआत होती है, लेकिन इस बार उम्मीद ज्यादा है। दीपावली, सावों व अन्य शुभ कार्र्यो के कारण बाजार में उठाव रहेगा। साड़ी व्यवसायियों ने भी बाजार में अधिक रौनक की संभावना जताई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: