News
Metros
Chandigarh Chandigarh पंचकूला.
उत्तर भारत की ऐतिहासिक शक्तिपीठ श्री माता मनसा देवी मंदिर में पहले नवरात्र पर मंगलवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की पत्नी श्रीमती आशा हुड्डा ने यज्ञशाला में पूजा-अर्चना की। उन्होंने हवन में आहुतियां डालीं। माता के चरणों में माथा टेका।
उन्होंने बताया कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी बुराई के उन्मूलन के लिए भी उन्होंने प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जो लोग इस बुराई में लिप्त हैं, वे सही मार्ग पर चलें क्योंकि माता कन्या के रूप में अवतरित होतीं हैं। कन्या पर कुठाराघात करने से समाजमें भ्रष्टाचार, बुराइयां और आतंक फैलता है। लोग मां के स्वरूप में इन बेटियों को देखें।
उन्होंने कहा कि नवरात्र में अष्टमी के दिन हम कंजकों को पूजते हैं। इनको हम माता के स्वरूप में देखते हैं, फिर भ्रूण हत्या क्यों। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख- समृद्धि की कामना भी की।
आशा हुड्डा पटियाला मंदिर में भी गइर्ं और उन्होंने मेले का भ्रमण भी किया। इस मौके पर डीसी राजेंद्र कटारिया ने बताया कि श्रद्धालुओं को सहूलियतें देने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहर से भी फोर्स मंगवाई गई है । नवरात्र के दौरान हर शाम को भजन संध्या भी होगी।
25 हजार ने टेका माथा
श्री माता मनसा देवी मंदिर में पहले नवरात्र को 25 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। उन्होंने माता के चरणों में नकदी, नारियल, सोने-चांदी के जेवर, कपड़े, बर्तन सहित अन्य सामग्री चढ़ाई।
कालका: कालीमाता मंदिर में मंगलवार को भारी संख्या में लोगों ने महाकाली के चरणों में माथा टेका। तड़के से ही लोग मंदिर में पहुंचने लगे। उधर, कालीमाता मंदिर भंडारा कमेटी ने भंडारा किया। उधर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित शिव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी लोगों ने पूजा-अर्चना की।
22 सीसीटीवी कैमरे लगाए
पंचकूला. जोधपुर जिले के चामुंडा मंदिर में मची भगदड़ के मद्देनजर माता मनसादेवी मंदिर में प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। लोग लाइनों में लग कर जल्द दर्शन करें और ज्यादा देर एक ही जगह पर जमा न हों, इसके इंतजाम भी किए गए हैं। माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड के प्रशासक और डीसी राजेंद्र कटारिया ने बताया कि प्रशासन ने 22 जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। पुलिस के करीब 700 जवान तैनात किए गए हैं। संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। मंदिर के आसपास से फड़ी वालों को उठा दिया गया है, ताकि कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं बैठ सके। मंदिर के आसपास से गुजरने वाले नालों को भी रोज दो बार चैक किया जा रहा है। पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है।
मेले का समय सुबह 4 से रात 10 बजे तक : मेले का समय अभी सुबह 4 से रात 10 बजे तक है। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी तो प्रशासन मंदिरखुला रखने का समय भी बढ़ाएगा। अभी मंदिर के दो दर्शन गेट खोले गएहैं। भीड़ बढ़ने पर और दरवाजे खोले जाएंगे। प्रशासन ने इमरजेंसी के लिए ब्लड बैंक, एंबुलेंस, फायर टेंडर सहित अन्य उपाय भी किए हैं। खुफिया पुलिस, वॉच टावर्स, सूचना केंद्र सहित अन्य व्यवस्था भी की गई है। उधर बोर्ड के सीईओ धर्मपाल दताना ने बताया कि सहूलियतों का ध्यान रखा जा रहा है।
प्रपोजल भेजा : डीसी बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बोर्ड ने मंदिर में दर्शनों के लिए वैकल्पिक रास्ते बनाए जाने का प्रपोजल मुख्यमंत्री को भेजा है। मंजूरी मिलते ही इस पर काम आरंभ कर दिया जाएगा।