जोधपुर.भगदड़ से हताहत हुए लोगों के परिजनों का प्रशासनिक खामियों के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। वे सांत्वना देने आए नेताओं पर भी बरस पड़े। एमडीएम अस्पताल में सांसद जसवंतसिंह विश्नोई से लोगों ने मारपीट की तो एमजीएच में शहर विधायक सूर्यकांता व्यास से भी उलझ पड़े।
शहर के दोनों प्रमुख अस्पतालों सहित निजी अस्पतालों में सुबह साढ़े आठ बजे से शव पहुंचने लगे। अफसरों की रेलमपेल के बीच सांसद विश्नोई महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे तो लोग बदइंतजामी को लेकर उन्हें कोसने लगे। सांसद ने सफाई देनी चाही तो लोगों ने उन्हें घेर लिया। वे जैसे-तैसे बचकर निकले और एमडीएम अस्पताल पहुंचे।
यहां भी लोग अव्यवस्थाओं के खिलाफ गुस्सा निकाल रहे थे। लोगों ने सांसद विश्नोई को देखते ही घेर लिया। उनको नीचे गिरा दिया और मारपीट शुरू कर दी। आरएसी के दस्ते ने सांसद को बचाया। उधर, एमजीएच अस्पताल के मोर्चरी परिसर में मृतकों के परिजन शहर विधायक व्यास से उलझ गए।
मृतकों के परिजन चामुंडा माता मंदिर में किसी तरह के सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर उन्हें कोस रहे थे। इतने में विधायक समर्थक मौके पर आए और मौके की नजाकत देखते हुए उन्हें वहां से निकाल कर ले गए। सांत्वना देने के लिए अस्पताल में पहुंच रहे दूसरे नेताओं को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।