bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

आज से बल्लेबाज तय करेंगे एक पॉवर प्ले

दुबई. आईसीसी ने वनडे को अधिक लोकप्रिय बनाने के लिए इसके नियमों में एक अक्टूबर से बदलाव करने का फैसला किया है। नए नियमों के तहत अब बल्लेबाजी करने वाली टीम एक पॉवर प्ले अपनी मर्जी से ले सकती है। इससे पहले क्षेत्ररक्षरण करने वाली टीम के पास दो पॉवर प्ले अपनी सुविधानुसार लेने का अधिकार था।

इसके अलावा किसी भी खिलाड़ी को अब विश्राम देने का कोई प्रावधान नहीं होगा।

मैदानी अंपायर कैच होने, गेंद बदलने और फ्री हिट के बारे में तीसरे अंपायर से राय शुमारी के लिए स्वतंत्र होंगे। अगर मैदानी अंपायर को लगता है कि कैच ठीक तरीके से नहीं पकड़ा गया है या इसमें कुछ खामी है तो वह आसानी से तीसरे अंपायर से संपर्क कर सकता है।

तीन खिलाड़ी होंगे 30 गज से बाहर

बल्लेबाजी करने वाली टीम को दूसरे या तीसरे पॉवर प्ले में से किसी एक को इस्तेमाल करने की इजाजत होगी। दूसरे और तीसरे पॉवर प्ले के दौरान तीन खिलाड़ियों को 30 गज की रेखा के बाहर क्षेत्ररक्षण करने की इजाजत होगी। इससे पहले तीसरे खिलाड़ी को या तो दूसरे या फिर तीसरे पॉवर प्ले के दौरान बाउंड्री पर क्षेत्ररक्षण करने की इजाजत थी।

विशेष परिस्थिति में ही मिलेगा विश्राम

मैच के दौरान किसी खिलाड़ी के स्थान पर स्थानापन्न खिलाड़ी को मैदान में उतरने की अनुमति तभी दी जाएगी, जब वह खिलाड़ी घायल हो, बीमार हो या फिर कोई ऐसा कारण हो जिस पर सबकी सहमति हो।

इंटरवल मात्र 10 मिनट का!

अगर बल्लेबाजी कर रही टीम पारी में देरी होती है या उसमें व्यवधान आता है, तो अंपायर इंटरवेल की समय सीमा घटा सकता है। अगर मैच के दौरान कुल 60 मिनट का समय खराब होता है, तो अंपायर इंटरवल की समय सीमा 45 मिनट, 30 मिनट या फिर कम से कम दस मिनट कर सकते हैं। अगर दोनों अंपायर और दोनों कप्तानों में इंटरवल की समय सीमा पर सहमति नहीं बन पाती है, तो इस बारे में अंतिम फैसला मैच रैफरी करेगा।

35 ओवर बाद बदलेगी गेंद

इस नियम में 35 ओवर बाद गेंद बदलने पर सभी की सहमति बनी रही।थर्ड अंपायर से ले सकेंगे कैच की सलाह अगर किसी कैच के मसले पर दोनों अंपायर निर्णय नहीं ले पा रहें हों, तो वह तीसरे अंपायर से कैच की सफाई के बारे में पूछ सकते हैं। ऐसी स्थिति में अंतिम निर्णय गेंदबाजी छोर वाले अंपायर का होगा।

फ्री हिट में बदलाव नहीं

फ्री हिट का नियम पहले की तरह रहेगा। इसके तहत अगर गेंदबाज का पैर गेंदबाजी के दौरान क्रीज से बाहर पड़ता है, तो गेंद नो बॉल दी जाएगी और बल्लेबाज को उस पर फ्री हिट मिलेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: