bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

गांगुली का फैसला आज

मुंबई.पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को टीम में शामिल करने या नहीं करने की अटकलों के बीच के. श्रीकांत की अध्यक्षता वाली नई चयन समिति ऑस्ट्रेलिया के साथ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम का चयन बुधवार को करेगी।

गौरतलब है कि वेंगसरकर की अध्यक्षता वाली पूर्व चयन समिति ने ईरानी ट्रॉफी के लिए गांगुली का चयन नहीं करते हुए उनके टेस्ट कॅरिअर पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया था।

नई चयन समिति के पांच सदस्यों पर ऑस्ट्रेलिया के साथ महत्वपूर्ण सीरीज के लिए सही खिलाड़ियों को चुनने का अत्यधिक दबाव है। ऐसे में सिर्फ गांगुली ही नहीं, बल्कि टीम के सभी वरिष्ठ खिलाड़ियों के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि पहले टेस्ट की टीम चयन से चयनकर्ता क्या संदेश देते हैं।

श्रीलंका के साथ पिछली टेस्ट सीरीज में पूरी तरह फ्लॉप रहने के कारण अगर गांगुली को टीम से हटाया जाता है, तो सचिन तेंडुलकर, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को कड़ा संदेश जाएगा।

श्रीकांत की अध्यक्षता में बुधवार को होने वाली बैठक का महत्वपूर्ण पहलू यह देखना रहेगा कि चयनकर्ता गांगुली के कॅरिअर को आगे बढ़ाते हैं या नहीं।

श्रीलंका में फ्लॉप रहे गांगुली ने पिछले वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ टेस्ट मैचों में 61.44 की औसत से कुल 1100 से अधिक रन बनाए थे। अगर चयन समिति गांगुली को ड्रॉप करती है, तो युवराज को टीम में शामिल होने का मौका मिल सकता है।

युवी के साथ ही मुहम्मद कैफ, रोहित शर्मा और एस. बद्रीनाथ पर भी चयनकर्ता दांव खेल सकते हैं।

कौन होगा तीसरा सलामी बल्लेबाज

सलामी बल्लेबाज के रूप में सहवाग और गंभीर का चयन लगभग तय माना जा रहा है। देखना है कि विकल्प के तौर पर तीसरे सलामी बल्लेबाज को शामिल किया जाता है या नहीं। मध्यक्रम में धोनी की वापसी पक्की मानी जा रही है। तेज गेंदबाज के रूप में जहीर खान और इशांत शर्मा का चयन लगभग निश्चित है। ईरानी ट्रॉफी में मुनाफ के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए तीसरे सीमर के रूप में उन्हें आरपी सिंह पर वरीयता दी जा सकती है। जबकि, स्पिन आक्रमण की कमान एक बार फिर अनिल कुंबले और हरभजन सिंह के कंधों पर होने ही उम्मीद है।

आंकड़ों के हिसाब से कमजोर नहीं हैं दादा

आंकड़े बताते हैं कि फैबुलस फोर (सचिन, गांगुली, द्रविड़ व लक्ष्मण) में गांगुली के आंकड़े कहीं कमजोर नहीं हैं। दिसंबर 2006 में टीम इंडिया में वापसी करने के बाद से गांगुली का प्रदर्शन अच्छा ही रहा है। श्रीलंका दौरे में गांगुली के अलावा सचिन, द्रविड़ और लक्ष्मण भी बुरी तरह फ्लॉप रहे थे, फिर भी ईरानी ट्रॉफी की शेष भारत टीम से केवल गांगुली का पत्ता कटा। श्रीकांत की अध्यक्षता वाली चयन समिति में राजा वेंकट को गांगुली का समर्थक माना जा रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: