हैदराबाद. युवराज सिंह का टेस्ट मैचों में अब तक क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं रहा है। युवराज भी इस बात को बखूबी समझते हैं और उन्होंने जोर देकर कहा है कि अपनी बल्लेबाजी के द्वारा टेस्ट मैचों में भी वे खुद को साबित करना चाहते हैं।
रिकी पोंटिंग की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के विरुद्ध गुरुवार से शुरू हो रहे अभ्यास मैच में बोर्ड एकादश के कप्तान युवराज ने माना है कि बल्लेबाजी तकनीक की कमी के चलते ही उन्हें टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया जाता है।
युवराज सिंह का दावा है कि उन्होंने इस मसले को सुलझा लिया है। युवराज ने कहा,‘इस मैच में मेरे पास खुद को साबित करने का अच्छा मौका है। मेरे बल्लेबाजी शैली में कुछ कमी है, पर इस कमी को दूर करने के लिए मैं इस पर काम कर रहा हूं।’
शानदार प्रदर्शन कर चयनकत्र्ताओं का ध्यान आकर्षित करने के सवाल पर युवराज ने कहा,‘दूसरों के समक्ष खुद को साबित करने के बजाए मैं अच्छा प्रदर्शन कर अपनी क्षमता के साथ न्याय करना चाहूंगा।’ दार्शनिक अंदाज में युवी ने कहा हर समय आप वहां जाना चाहते हैं।
फॉर्म वापसी का है पूरा भरोसा : भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने में असफल रहे युवराज ने कहा,‘टीम में चुना जाना उनके हाथ में नहीं है। लेकिन फॉर्म में वापसी का मुझे पूरा भरोसा है।’ युवी ने यहां टीम के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद भी जाहिर की।
हमारे लिए है महत्वपूर्ण मैच : ऑस्ट्रेलिया के साथ अभ्यास मैच के बारे में युवराज का मानना है कि यह मैच हम सभी खिलाड़ियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इस मैच में शानदार प्रदर्शन करने से फॉर्म और भारतीय टेस्ट टीम में वापसी का रास्ता भी खुल जाएगा।