मेलबोर्न. भारत के साथ चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने आई ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग के अनुसार भारत के साथ पिछले ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान हुई तनातनी बीते हुए कल की बात है।
इस बार वे टीम इंडिया के साथ दोस्ताना माहौल में क्रिकेट खेलना चाहते हैं। पोंटिंग ने एक ऑस्ट्रेलियाई समाचार पत्र के साथ बातचीत में कहा कि पिछली सीरीज की कड़वी यादों से हम सभी बाहर निकल आए हैं। पोंटिंग के अनुसार उनकी यह जिम्मेदारी है कि भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान हुए विवादों की इस दफा पुनरावृत्ति नहीं हो।
गरमागरम बहस न हो : रिकी पोंटिंग ने कहा कि वे मैच रैफरी से मिलकर 9 अक्टूबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज के सुचारू रूप से खेले जाने पर विचार करेंगे, ताकि मैदान में खिलाड़ियों के बीच गरमागरम बहस नहीं हो।
मीडिया में होगी चर्चा : पोंटिंग मानते हैं कि भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज को लेकर मीडिया में कई तरह की चर्चाएं होंगी, जबकि चीजें यथावत हैं। पोंटिंग यह भी मानते हैं कि पिछली गर्मियों में जो विवाद हुआ वह बहुत बड़ी बात नहीं थी, पर मीडिया ने इसे काफी तूल दिया।
युवा टीम पर है भरोसा : टीम के कई दिग्गज खिलाड़ियों के संन्यास लेने पर रिकी पोंटिंग ने कहा, ‘भले ही पिछले एक डेढ़ साल में हमारे कुछ शानदार खिलाड़ी संन्यास ले चुके हों, लेकिन हमारी युवा टीम किसी भी टीम को हराने में पूरी तरह सक्षम है।’