जोधपुर. चामुंडा माता मंदिर हादसे की गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह द्वारा नैतिक जिम्मेदारी लेने से मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट चर्चा में आ गया है। सरकार हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दे चुकी है।
भगदड़ के लिए ट्रस्ट की व्यवस्थाओं को भी जिम्मेदार माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के विरोधी माने जाने वाले जसवंत सिंह ने कहा-वे मेहरानगढ़ ट्रस्ट के सदस्य हैं, यदि कोई हादसे की जिम्मेदारी नहीं लेता तो मैं लेता हूं। जोधपुर के पूर्व महाराज गजसिंह ने महज इतना कहा था कि व्यवस्थाओं को और दुरुस्त करेंगे।
उधर, जोधपुर पहुंचे कटारिया ने भी कहा कि वे इस हादसे के लिए खुद को नैतिक रूप से जिम्मेदार मानते हैं। हालांकि वे व्यवस्था में कमी के सवाल पर उखड़ गए। इस बीच जोधपुर पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत ने कहा- बातां रहेगी, जावण वाला गया। इसे भी खामियों से जोड़कर देखा गया।