News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रमजान के तीस रोजे पूरे हुए, बुधवार की शाम ईद का चांद दिखा और लोगों के चेहरे चमकने लगे। इफ्तार के बाद लोगों ने जमकर आतिशबाजी कर ईद की आमद का जश्न मनाया। मदरसा इस्लाहुल मुस्लेमीन के मौलाना मोहम्मद अली फारुखी ने अधिकृत तौर पर रविवार को ईद मनाने का ऐलान किया है।
ईद की घोषणा के फौरन बाद ही शाम 7 बजे से बाजारों में भीड़ बढ़ी। गोलबाजार, मालवीय रोड व शास्त्रीबाजार की दुकानें खचाखच हो गईं। सबसे ज्यादा भीड़ रेडिमेड, ड्राय फ्रूट और जूते-चप्पलों की दुकानों में उमड़ी। मेहंदी और इत्र के अलावा चूड़ी के स्टालों में भी यही नजारा था। सेर्वई और खोवा खरीदनेवाले भी कम नहीं थे।
रात 8 बजे शास्त्री बाजार से चिकनी मंदिर जाने वाले मार्ग पर पांव रखने की जगह नहीं थी। गोलबाजार की तंग गलियों में भी यही नजारा था। टोपी और रुमाल लेने वालों का हुजूम लगा रहा। बैजनाथपारा, छोटापारा, मौदहापारा, राजातालाब, संजयनगर, संतोषीनगर, मोवा, बिरगांव और ईदगाहभाठा में आधी रात तक लोग ईद की तैयारी में जुटे थे।
आतिशबाजी से किया मोहल्ला रौशन
गरीब नवाज कमेटी, हांडी वाले बाबा उर्स पाक कमेटी और चिश्तिया ग्रुप की ओर से मुस्लिम मोहल्लों में जमकर आतिशबाजी की गई। कमेटी के मोहम्मद मुख्तार अशरफी, यूसुफ अहमद रजा, शेख मुशीर, खालिक अशरफी, अनवर पाशा अशरफी, बाबा फरीद, मुनव्वर भाई, नूरुद्दीन अशरफी आदि ने बताया कि मगरिब की नमाज के बाद से ही लोग एक-दूसरे को चांद दिखने की बधाइयां देने लगे और विशेष तौर पर बाहर से मंगाए पटाखों की आतिशबाजी की। इसे देखने के लिए सड़कों से गुजर रहे लोग भी कुछ पल के लिए रुक गए।
रातभर रही रौनक
चांद रात होने की वजह से मुस्लिम मोहल्लों में रातभर रौनक रही। लोगों ने ईद की तैयारियों में रातभर न केवल मार्केटिंग की बल्कि दीगर मोहल्लों में जाकर दोस्तों व रिश्तेदारों के साथ वक्त भी गुजारा। देर रात तक आवाजाही की वजह से आधी रात में सुबह का नजारा दिखाई दिया।
पुलिस मुस्तैद
देशभर में आतंकी हमलों को देखते हुए गुरुवार को पुलिस मुस्तैदी से सभी जगहों पर निगाह रखेगी। प्रमुख मुस्लिम मोहल्लों में सुरक्षा की कमान सीएसपी संभालेंगे। ईदगाहों और मस्जिदों में 200 अतिरिक्त जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।