कोलकता.
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि उनका बोर्ड के साथ कोई समझौता नहीं हुआ है। गांगुली ने इस बात का खंडन किया है कि ऑस्ट्रेलिया के सामने शुरू हो रहे पहले दो टेस्ट मैचों में बोर्ड के साथ समझौते के बाद उनको शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि सौरव गांगुली भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज में 15 खिलाड़ियों के बीच जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। इसके बाद इस बात की चर्चा शुरू हो गई थी कि गांगुली और बोर्ड के बीच कुछ आपसी समझौता हुआ है इसके बाद ही इन्हें टीम में जगह दी गई।
ईडन गार्डेन में पत्रकारों के बीच गांगुली ने इन सभी बातों का खंडन करते हुए कहा कि उनका भारतीय टीम में शामिल होना किसी समझौते के तहत नहीं बल्की यह उनके प्रदर्शन का नतीजा है जिसे देखकर चयनसमिति ने उनकों टीम में शामिल करने का फैंसला किया है।
गांगुली ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के साथ सीरीज काफी संघर्षपूर्ण रहेगी लेकिन हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं और हमारी टीम पूरी तरह से उनका मुकाबला करने के लिए तैयार है। टीम में चयन हो जाने के बाद गांगुली ने बंगाल क्रिकेट संघ के प्रमुख जगमोहन डालमिया से भी मुलाकात की।