मुंबई.ज्यादा मेहनताने और काम की बेहतर परिस्थितियों की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे सिनेमा वर्करों की फिल्म निर्माताओं के संगठन से गुरुवार को यहां हुई बातचीत बेनतीजा खत्म हो गई है। हड़ताली वर्करों और निर्माताओं के बीच बातचीत शनिवार को फिर होने की उम्मीद है। इस बीच, हड़ताल के कारण लगातार दूसरे दिन बॉलीवुड में कई महत्वपूर्ण फिल्मों की शूटिंग नहीं हो सकी। सिने वर्करों के संगठन एफडब्लूआईसीई के अध्यक्ष धर्मेश तिवारी ने कहा कि वे प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन और वर्करों के फेडरेशन के बीच पहले हुए समझौते पर अमल चाहते हैं।
उधर, फिल्म एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि हड़ताली वर्करों ने मसले का हल निकालने के लिए शनिवार को एक बार फिर से बातचीत शुरू करने पर सहमति जताई है। हड़ताल को समर्थन दे रहे 22 संगठनों के करीबन डेढ़ लाख सदस्यों की मांग के आगे 290 सदस्यीय प्रोड्यूसर्स गिल्ड भी अड़ गया है। सूत्रों का कहना है कि अगर हड़ताल लंबी खिंची तो बॉलीवुड को हजारों करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ सकता है