Business
Dalal Street Dalal Street नई दिल्ली. वित्तीय संकट से उबरने के अमरीकी राहत पैकेज पर संदेह के बादल गहराने से आज विश्व शेयर बाजारों में उथल पुथल भरा माहौल रहा। देश में गांधी जयंती होने के कारण बंबई शेयर बाजार और राष्ट्रीय शेयर बाजार में कारोबार बंद रहा।
अमरीकी सीनेट ने राहत पैकेज की संशोधित योजना पर अपनी मंजूरी की मोहर लगा दी जबकि प्रतिनिधि सभा को अभी इस पर विचार करना है। जानकारों का कहना है कि इससे शेयर बाजारों में मिला जुला रुख रहा। कुछ शेयर बाजारों उत्साहवर्धक माहौल बना जबकि अन्य में संदेह के बीच निराशा रही।
अमरीका के शेयर बाजारों में उथल पुथल रही। राहत पैकेज को मंजूरी देने से पहले सीनेट ने इसे खारिज कर दिया था। इससे अमरीकी शेयर बाजार दो दशक के न्यूनतम स्तर पर गिर गया। राहत पैकेज के पारित होने के बावजूद निवेशकों में उत्साह नहीं आया। एसएंडपी 12.10 अंक,डाउ जोंस ९६ अंक और नास्दाक १३ अंक फिसल गया।
अमरीकी पूंजी बाजार में तरलता सख्त बनी हुई है। यूरोपीय शेयरों में राहत पैकेज के पारित होने से उम्मीद जगी और एफटीएसईयूरोफस्र्ट १.५ प्रतिशत चढ़ गया। बार्कले बैंक के विश्लेषक हैंक पोटस् का कहना है बेशक कुछ राहत देने वाली खबर है। हालांकि अभी कुछ कहना जल्दबाजी है। ब्रिटेन का शेयर बाजार भी राहत पैकेज से उत्साहित होकर १.३ प्रतिशत उंचा रहा। यह 60.6 अंक चढ़ते हुए 5020.2 अंक पर बंद हुआ।
हालांकि निवेशकों में संदेह बरकरार रहा। कारोबारियों का कहना है कि राहत पैकेज से अर्थव्यवस्था की समस्याओं का कितना समाधान होगा, यह कहना मुश्किल है। आस्ट्रेलिया का शेयर बाजार गिरावट में रहा। पूंजी बाजार के निवेशक राहत पैकेज पर अंतिम फैसले का इंतजार करते रहे। शेयर बाजार का कारोबार 0.7 प्रतिशत नीचे रहा।
बाजार में कुछ टिकाव देखा गया लेकिन संदेह का वातावरण बना रहा। हालांकि न्यूजीलैंड का शेयर बाजार १.४ प्रतिशत उंचे में बंद हुआ। एशियाई शेयर बाजारों पर राहत पैकेज का मिला जुला असर रहा। जापान निक्की १.९ प्रतिशत घटकर बंद हुआ।
अन्य सूचकांक टोपेक्स २.२ प्रतिशत गिरकर दो वर्ष के न्यूनतम स्तर पर आ गया। डाईवा इन्वेस्टमेंट के कोची ओगावा ने कहा राहत पैकेज तो पारित हो ही जाएगा लेकिन क्या वैश्विक अर्थव्यवस्था की मंदी रुकेगी, यह महत्वपूर्ण सवाल बाजार में छाया हुआ है। हांगकांग का शेयर बाजार स्थानीय कारणों से १.१ प्रतिशत उंचे में रहा।