भोपाल. सूफियाना गायकी के लिए विख्यात वडाली बंधुओं ने बुधवार शाम रवींद्र भवन में अपनी गायकी से कला रसिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मप्र माध्यम के रजत जयंती समारोह में आए पूरनचंद वडाली और प्यारेलाल वडाली की जादू भरी सूफियाना गायकी देर तक चली। पटियाला घराने से संबद्ध रहे वडाली बंधुओं ने अपनी गायकी की शुरुआत ईद के लिए समर्पित की।
राग राजेश्वरी पर आधारित इस कलाम के बोल थे- तुझे तक्या तो लगा मुझे ऐसे, जैसे मेरी ईद हो गई, इस पल में हजारों हज हो गए, जब तेरी दीद हो गई। इससे पहले मप्र माध्यम के उपाध्यक्ष और संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने माध्यम को उसके रजत वर्ष के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि कम समय में इस संस्था ने अनेक उपलब्धियां अर्जित की हैं तथा शासन के अच्छे काम लोगों तक इसी के माध्यम से पहुंचे हैं। श्री शर्मा ने भरोसा दिया कि शासन इस संस्थान में काम करने वाले लोगों के सुख-दुख की चिंता करेगी। उन्होंने इस अवसर पर वडाली बंधुओं को स्मृति चिह्न् भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर मप्र माध्यम के प्रबंध संचालक मनोज श्रीवास्तव तथा अपर प्रबंध संचालक प्रकाश गौर भी मौजूद थे।