bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

इशारों में कही दिल की बात

इंदौर. भाषायी दायरे से परे मूक-बधिर बच्चों ने इशारों में दिल के जज्बात व्यक्त किए। उन्होंने सौंदर्य स्पर्धा में आंतरिक सौंदर्य को दिखाया तो अभिव्यक्ति प्रतियोगिता में भावनाएं खोलकर रख दीं।

गरुवार को अनाम प्रेम संस्था के मूक-बधिर स्नेह मिलन सम्मेलन में यह नजारा दिखा। खालसा कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान मूक-बधिर बच्चों की संगीत और नृत्य की अनोखी जुगलबंदी जिसने भी देखी उसके मुंह से बरबस ही एक ही शब्द निकला-अद्भुत!

इन बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से सबको आश्चर्यचकित कर दिया। गुजरात के गांधीघर मूक विद्यालय का बांबू नृत्य, गोवा स्कूल का वीरभद्र नृत्य, माउली मूक-बधिर विद्यालय कोंकण का मल्हारवारी लोकनृत्य आदि की प्रस्तुति ने ऐसा उत्साह जगाया कि बच्चों के साथ वहां मौजूद हर व्यक्ति ताली बजाने लगा। वहीं सौंदर्य स्पर्धा में बालिकाओं ने भावों के माध्यम से आंतरिक सौंदर्य प्रकट किया।

ठाणो के कमलिन मूक-बधिर विद्यालय के बच्चों ने पर्यावरण सहेजने का संदेश अपने मूक नाटक के माध्यम से दिया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में अनाम प्रेम संस्था के संचालक शंकरलाल पापलकर, श्रीलंका के राजदूत लक्षिता रत्नायके, मुंबई के पूर्व न्यायाधीश सुभाष देसाई, सांसद सुमित्रा महाजन आदि मौजूद थे।

सुबह महापुरुषों को दी श्रद्घांजलि
गांधी-शास्त्री जयंती पर गुरुवार सुबह अनाम प्रेम संस्था के बैनर तले सभी बच्चों ने गांधीजी व शास्त्रीजी की प्रतिमा पर श्रद्घासुमन अर्पित किए। गांधी प्रतिमा से शास्त्री प्रतिमा तक बच्चे संदेश यात्रा के रूप में पहुंचे।

तलाशे जीवनसाथी
यदि सब ठीक रहा तो इंदौर शहर एक अनोखे विवाह का साक्षी बन सकेगा। अनाम प्रेम संस्था के कार्यक्रम में अमरावती के स्व. अंबादासपंथ वैद्य मूक-बधिर मतिबंध बालगृह की युवती मंजू (22) और जलगांव के श्रवण विकास मंदिर की नीता ढांके (30) ने अपने जीवनसाथी को तलाशा। दोनों ने तीन लड़कों को देखा और रिश्ता तय हो गया तो मंजू का विवाह इंदौर में ही होगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: