जयपुर. गुजरात का गरबा अब गुलाबी नगर के युवा दिलों की धड़कन बन चुका है। दैनिक भास्कर द्वारा वर्ष 2003 से शुरू किया गया यह समारोह जयपुर के लोगों में खासा लोकप्रिय बन चुका हैं। नवरात्र शुरू होने से पूर्व ही इस आयोजन को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह रहता है।
सामाजिक सरोकारों की श्रंखला में इस बार यह तीन दिवसीय समारोह 3 से 5 अक्टूबर तक रामबाग सर्किल स्थित ‘एसएमएस इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन ग्राउंड’ में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार शाम 7 बजे होगा। कार्यक्रम के मद्देनजर कॉपरेरेशन परिसर को सजाने-संवारने का काम पूरा हो चुका है।
ग्राउंड को कृष्ण थीम से सजाया जा रहा है। इस बार भी गरबा महोत्सव पूरी तरह से पारिवारिक माहौल में होगा। जहां परिवार बेहिचक गरबा रास में सराबोर हो सकते हैं। साथ ही देशभर से आए स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठा सकते हैं। इस समारोह की मुख्य प्रायोजक देश की नंबर वन टेलीकॉम कंपनी ‘एयरटेल’ है। गरबा-डांडिया करने के लिए दो विशाल सर्कल बनाए गए हैं।
भास्कर समूह की ओर से भोपाल में बीते दस सालों से अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। जयपुर की तरह वहां भी यह उत्सव जन-जन में लोकप्रिय हो चुका है।
अभिव्यक्ति की टीम ने जयपुर की तीन शामें यादगार बनाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए हैं। समारोह में प्रवेश के लिए कपल के लिए 120 और परिवार के लिए 175 रु. की राशि तय की गई है। इसमें अकेले पुरुष को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रवेश पत्र निर्धारित काउंटर के अलावा दैनिक भास्कर कार्यालय व समारोह स्थल पर भी उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम स्थल के हर कोने का, हर पल का आंखों देखा हाल दिखाने के लिए भास्कर टीवी की टीम जुटी रहेगी।