News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
सनसिटी व जेके टायर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव के दौरान न केवल प्रतिभागियों में उल्लास दिखाई दे रहा है, बल्कि दर्शक भी आनंदित हैं।
रंगीन रोशनी में नहाया हुआ गरबा परिसर, ठेठ गुजराती गीतों की महक और पारंपरिक परिधानों में सजे युवक-युवतियों को देखकर लगता है, जैसे गुजरात में आ गए हों। महोत्सव के तीसरे दिन मां दुर्गा की आरती मुख्य अतिथि साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में जीडीए के उपाध्यक्ष धीरसिंह तोमर व किशन राठौर उपस्थित थे।
काउंटडाउन से हुई शुरुआत
मां अंबे की आराधना के पश्चात काउंटडाउन के साथ डांडिया की शुरुआत हुई। गुजराती परिधानों में युवक-युवतियों ने हाथों में डांडिया स्टिक थामे जमकर नृत्य किया। इस दौरान गुजरात से आए आर्केष्ट्रा के कलाकारों द्वारा गुजराती गीतों की मधुरतम प्रस्तुति दी जा रही थी, जिस पर प्रतिभागी बिना रुके-थके डांडिया करते दिखाई दिए। एक ओर मंच से गायक कलाकारों द्वारा ‘एक बार श्याम तने राधा नी कही लो.’ ‘तारा बिन श्याम’, ‘हे रंग लो..’, ‘नाम रे सबसे बड़ा तेरा नाम’ गाया जा रहा था, दूसरी ओर प्रतिभागी अपनी मस्ती में डांडिया के दौरान कृष्ण प्रेम में डूबे हुए दिखलाई दे रहे थे। जैसे-जैसे संगीत की ध्वनि तेज होती जाती और स्टेप्स बदलते, प्रतिभागियों के नृत्य की गति भी बढ़ जाती थी।
मां अंबे की नृत्यमय आराधना
डांडिया के बाद कुछ समय के विराम के बाद गरबा प्रारंभ हुआ। अभी कुछ देर पहले तक जहां प्रतिभागी कृष्ण और राधा के प्रेम में डूब-उतरा रहे थे, अब उनके चेहरे पर सिर्फ भक्ति भावना दिखलाई दे रही थी। गायक कलाकारों द्वारा हिन्दी व गुजराती गीतों की प्रस्तुति दी जा रही थी और प्रतिभागी इन गीतों पर अपने कदमों को थिरका रहे थे। इस दौरान हीच, एक ताली, दो ताली, तीन ताली, चौकड़ी का भी प्रदर्शन हुआ।
एकटक हो निहारा नृत्य
गरबा महोत्सव का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक अपने परिवार सहित सनसिटी पहुंच रहे हैं। रिंग के बाहर कुछ दर्शक बैठे तो कुछ खड़े होकर गरबा- डांडिया करते हुए प्रतिभागियों को निहार रहे थे। वह भी काफी उत्साहित थे। खास बात यह थी कि आयोजन शुरू होने से अंत तक वह बिना हिले-डुले नृत्य का आनंद लेते रहे। दर्शकों में कुछ प्रतिभागियों के परिवारीजन व मित्र भी थे। यहां दर्शकों की इच्छा का ध्यान रखते हुए आडियंस रिंग भी तैयार किया गया है, जिसमें कोई भी व्यक्ति गरबा-डांडिया खेल सकता है।
महोत्सव में आज
शुक्रवार को महोत्सव के मुख्य अतिथि जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा होंगे। श्री मिश्रा मां दुर्ग की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में जीडीए अध्यक्ष जगदीश शर्मा उपस्थित रहेंगे।
छाया रहा डांडिया का उत्साह
एसोसिएशन आफ ग्वालियर यूथ सोसायटी द्वारा होटल सेंट्रल पार्क में आयोजित डांडिया महोत्सव में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक गरबा-डांडिया किया। सर्वप्रथम हाथों में दीपक सजाए युवक-युवतियों ने मां अंबे की आराधना की। इसके पश्चात गरबा-डांडिया में अलग-अलग स्टेप्स का प्रदर्शन किया। रंगीन रोशनी में नहाया हुआ गरबा रिंग और पारंपरिक परिधानों में सजे-धजे युवक-युवतियों का जोश-ओ-खरोश से नृत्य करते देख दर्शकों के कदम भी थिरक उठते थे। इस दौरान निर्णायकों द्वारा बेस्ट ड्रेस मेल, बेस्ट ड्रेस फीमेल, बेस्ट डांडिया मेल व बेस्ट डांडिया फीमेल, बेस्ट कपल, बेस्ट लेडी डांडिया का चयन भी किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक संजय कट्ठल, अनिल सिंह कुशवाह, ममता कुशवाह आदि उपस्थित थे।