bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

टिकट दें वर्ना खुद करेंगे फैसला

ग्वालियर. इस बार तो आप हमारे समाज के किसी भी नेता को ग्वालियर दक्षिण और इंदौर चार से टिकट दिलवाएं, ऐसा न हुआ तो समाज कोई भी बड़ा निर्णय लेने में नहीं हिचकेगा। यह बात सिंधी समाज के प्रतिनिधि मंडल ने भोपाल में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के दौरान कही।

भारतीय सिंधु समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विशाल दरयानी के नेतृत्व में ग्वालियर से एक दस सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल गुरुवार को भोपाल पहुंचा। प्रतिनिधि मंडल में मेला प्राधिकरण के संचालक हासानंद आहूजा, श्रीचंद जैसवानी, डा. एसपी बत्रा, हरीश गंगवानी, कनवर किशोर मंगलानी, केशव हेमराजानी, नरेश पुरुषवानी, श्रीचंद पंजाबी, सुभाष बत्रा और मदन बत्रा शामिल हैं।

इस प्रतिनिधि मंडल ने भाजपा के वरिष्ठ नेता कप्तान सिंह सोलंकी, प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, महामंत्री संगठन माखन सिंह चौहान, संघ प्रचारक अरुण जैन, वरिष्ठ नेता अनिल दवे से मुलाकात कर उन्हें बताया कि ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 35 हजार सिंधी समाज के और 15 हजार पंजाबी समाज के मतदाता हैं। सिंधी और पंजाबी समाज एक हो गए हैं। पंजाबी समाज भी अब सिंधी समाज के किसी व्यक्ति को टिकट मिलने पर समर्थन देने पर तैयार हो गया है। पार्टी नेताओं ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि इस संबंध में विचार कर निर्णय लिया जाएगा।

स्मरण रहे कि बीते दिनों सिंधी और पंजाबी समाज की दो संयुक्त बैठकें ग्वालियर में हुई थीं, जिसमें टिकट के लिेए भाजपा एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिलने के लिए प्रतिनिधि मंडल भेजने का निर्णय लिया गया था।

टिकट नहीं मिला तो पंचायत में करेंगे फैसला
भारतीय सिंधु समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विशाल दरयानी ने मोबाइल पर दैनिक भास्कर को बताया कि इंदौर चार विधानसभा क्षेत्र से सिंधी समाज के शंकरलाल लालवानी प्रबल दावेदार हैं।

ग्वालियर दक्षिण विधानसभा सीट से हमारे समाज के कई नेता हैं, जिसे टिकट मिलेगा, वही सीट निकाल ले जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सिंधी समाज के किसी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया तो समाज की जल्द पंचायत होगी, जिसमें कोई भी बड़ा निर्णय लिया जा सकता है। बड़े निर्णय के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसमें मतदान का बहिष्कार, निर्दलीय रूप से प्रत्याशी खड़े करना या असहयोग करने या काली पट्टी बांधकर विरोध करना भी शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज अब अपनी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं करेगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: