नई दिल्ली.सरकार ने किसानों की कर्जमाफी व कर्ज राहत योजना 2008के तहत ऋण देने वाले संस्थानों को 3,872 करोड़ रुपए के ब्याज के भुगतान को मंजूरी दे दी है। यह फैसला शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया।
सूचना व प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दास मुंशी ने बताया कि कर्जमाफी योजना के तहत ऋण मुहैया कराने वाले संस्थानों को मांगी गई राशि जुलाई 2009, जुलाई-10 और जुलाई 2011 में मुहैया कराई जाएगी।
रेनबैक्सी-दाईची सौदे को मंजूरी: आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने देश की सबसे बड़ी दवा कंपनी रेनबैक्सी लैब को जापानी कंपनी दाईची सैंक्यों द्वारा 21,560 करोड़ रुपए में अधिग्रहीत किए जाने को मंजूरी दी गई। वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने यह जानकारी सीसीईए की बैठक के बाद दी।
इससे पहले गत जून में दाइची सैंक्यो ने रेनबैक्सी में प्रवर्तकों की नियंत्रणकारी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए शेयर परचेस एग्रीमेंट किया था। योजना के तहत दाइची ने रेनबैक्सी के साथ एक अन्य दवा कंपनी जेनोटेक लेबोरेटरी में शेयर खरीदने पर सहमति दी थी। इसके अलावा रेनबैक्सी के शेयर ओपन आफर के तहत सीधे बाजार से भी खरीदे जाने थे।
क्यों आया मामला सीसीईए में :
यह सौदा 600 करोड़ रुपए से अधिक राशि का है, इसलिए यह मामला सीसीईए की बैठक में मंजूरी के लिए पेश किया गया था।