bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

लाठीचार्ज में भाजपा सांसद घायल

भोपाल/बीना. मध्यप्रदेश के बीना स्थित छोटी बजरिया रेलवे क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का विरोध करने वालों पर आरपीएफ के लाठीचार्ज में सागर के भाजपा सांसद वीरेंद्र कुमार घायल हो गए। सिर पर गंभीर चोटों के चलते उन्हें भोपाल रेफर किया गया है।

मध्यप्रदेश के डीजीपी एसके राऊत ने रेलवे की आईजी अरुणा मोहन राव को मामले की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट पेश करने को कहा है। सांसद प्रतिनिधि की रिपोर्ट पर आरपीएफ कमांडेंट, थाना प्रभारी और जीआरपी थाना प्रभारी के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। इस घटना के विरोध में भाजपा ने शनिवार को बीना बंद का आह्वान किया है।

शुक्रवार सुबह शुरू हुई रेलवे प्रशासन की अतिक्रमण रोधी कार्रवाई के खिलाफ स्थानीय दुकानदारों और लोगों की भीड़ का नेतृत्व कर रहे वीरेंद्र कुमार ने रेलवे के असिस्टेंट डिवीजनल इंजीनियर (एडीईएन) संजय यादव के आगे विरोध दर्ज कराया। इसी बीच भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने यादव के साथ र्दुव्‍यवहार किया। इसके बाद बेकाबू हुई भीड़ ने वहां मौजूद आरपीएफ और जीआरपी पर पथराव कर दिया।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ ने लाठीचार्ज का सहारा लिया। इससे सांसद समेत कई दुकानदार घायल हो गए। जीआरपी ने पहले भाजपा सांसद को बीना के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया, जहां से उन्हें भोपाल रेफर किया गया। भोपाल में हमीदिया अस्पताल के डॉक्टरों ने सांसद की हालत स्थिर बताई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: