भोपाल. शारदीय नवरात्र उत्सव अब चरम पर है। शाम होते ही देवी मंदिरों और झांकियों से बह उठते हैं रोशनी के झरने और उमड़ने लगता है आस्था का सैलाब। पर्व के चौथे दिन भी झांकी स्थलों व मंदिरों में देवी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ी।
नवरात्र के चलते मां भगवती की शान में कहीं जगरातों में हो रहा है जस गान तो, कहीं गरबा-डांडिया की धूम है। शुक्रवार को पर्व के चौथे दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के कूष्मांडा स्वरूप की पूजा की। सोमवार से सप्तमी पर भेल व टीटी नगर की कालीबाड़ियों में पूजा व महाआरती होगी। अष्टमी पूजा के साथ कन्या भोज व भंडारे शुरू हो जाएंगे।
न्यू मार्केट, महाराणा प्रताप नगर, गोविंदपुरा, शाहपुरा, नेहरू नगर कोटरा, जवाहर चौक, रोशनपुरा, पीपल चौक, मंगलवारा, इतवारा व जिंसी आदि क्षेत्रों में सजाई गईं झांकियां सुंदर सजावट के कारण लोगों का मन मोह रही हैं।
वसुंधरा बैंक कालोनी में मां आदि शक्ति दुर्गा दरबार में धार्मिक कार्यक्रम चल रहे हैं। ईरावती चित्रगुप्त संस्कृति व सामाजिक न्यास के बैनर तले कोटरा स्थित राम-जानकी मंदिर में शाम को देवी दुर्गा की महाआरती की जाती है।
कोहेफिजा स्थित मां आशापुरा दरबार, कोटरा के करुणाधाम व परवलियासड़क के मां ममतामयी शक्ति पीठ में सुबह-शाम भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। दुर्गा चौक तलैया की झांकी में शुक्रवार को 101 दीपों से मां दुर्गा की महाआरती की गई।