bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

नए बिशप का चयन जल्द

इंदौर. इंदौर, धार और देवास के कैथोलिक ईसाइयों के लिए 35 साल बाद एक बार फिर वह मौका आ रहा है जब वे भव्य समारोह में अपने नए बिशप (धर्माध्यक्ष) का स्वागत कर उनसे आशीर्वाद ले सकेंगे। हालांकि इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है कि बिशप कौन होंगे और वे कब पद संभालेंगे क्योंकि उनके नाम की घोषणा पोप द्वारा की जाएगी।

इंदौर डायोसिस के बिशप 76 वर्षीय जॉर्ज अनॉथिल ने अपना कार्यकाल पूरा होते ही लगभग छह माह पहले इस्तीफा भेज दिया था। तब से ही नए बिशप के चयन की गोपनीय प्रक्रिया चल रही है।

इसके लिए वेटिकन सिटी तक किसका नाम आगे बढ़ा और कौन सबसे काबिल है, यह किसी को नहीं पता लेकिन रेड चर्च प्रबंधन ने पुष्टि की कि जल्द ही नए बिशप का धर्माध्यक्षीय अभिषेक किया जाएगा। प्रबंधन के मुताबिक बिशप के लिए आर्क बिशप ने दिल्ली में मौजूद वेटिकन सिटी के राजदूत नून शियो को नाम भेजा है।

श्री शियो धर्म व राजनीति दोनों के प्रमुख हैं। राजदूत को जिन नामों की सूची दी जाती है, उसे वेटिकन सिटी भेजा जाता है, जहां पोप बेनेडिक्ट फैसला करेंगे। रेड चर्च इंदौर के फादर जोसफ बताते हैं जरूरी नहीं कि नए बिशप इंदौर डायोसिस के फादर में से ही हों, पोप चाहें तो अन्य डायोसिस से जुड़े फादर को भी बिशप बना सकते हैं। श्री शियो भी खुद गोपनीय तरीके से विचारणीय व्यक्ति के बारे में पता करते हैं। कई बार समाज के लोगों को पत्र लिखकर पुख्ता जानकारी लेते हैं। जिसे पत्र मिलता है वह भी गोपनीय तरीके से ही जानकारी भेजता है।

बिशप ने भेजे तीन नाम
मौजूदा बिशप श्री अनॉथिल कहते हैं नए बिशप के लिए नाम बुलाए जाते हैं, लेकिन किनके नाम वेटिकन भेजे गए हैं यह नितांत गोपनीय रहता है। उन्होंने स्वीकार किया कि उनका कार्यकाल खत्म होते ही उन्होंने करीब छह माह पहले जो इस्तीफा भेजा था उसी में बिशप के लिए विचारार्थ तीन नाम भेजे थे। अन्य फादर से भी नामों पर राय मांगी गई है।

20 हजार लोगों का नेतृत्व करते हैं बिशप
बिशप किसी भी धर्म प्रांत (डायोसिस) के धर्माध्यक्ष होते हैं। इंदौर डायोसिस के अंतर्गत तीन जिले इंदौर, देवास और धार आते हैं जिसके प्रमुख के रूप में बिशप धार्मिक गतिविधियों का संचालन करते हैं। इंदौर डायोसिस के तहत 25 चर्च में 32 फादर सेवाएं दे रहे हैं और बिशप 20 हजार से ज्यादा समाज के लोगों का नेतृत्व करते हैं।

ऐसे होंगे बिशप
>> धर्म के प्रकांड विद्वान, परंपराओं की पूरी जानकारी, प्रशासनिक दक्षता, फादर होना जरूरी, विवादित नहीं हो

इंदौर में ही होगा अभिषेक
नए बिशप का समारोहपूर्वक इंदौर में ही अभिषेक किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए न केवल डायोसिस के बल्कि आसपास के क्षेत्र, प्रदेश, देश और वेटिकन सिटी से भी पदाधिकारी आएंगे। बिशप के नाम की घोषणा होने के बाद उनका अभिषेक स्टेट हेड के रूप में आर्क बिशप लियो कार्नेलियो (भोपाल) कराएंगे। बिशप जॉर्ज अनॉथिल का अभिषेक 29 जून 1973 में नेहरू स्टेडियम में किया गया था।

इनमें से हो सकते हैं
डायोसिस के अंतर्गत काम कर रहे फादर में से अनुभव और उपलब्धियों के आधार पर कई फादर बिशप पद के लिए उपयुक्त हैं।
>> बिशप चाको झाबुआ में हैं। उनका ट्रांसफर भी इंदौर हो सकता है।
>> फादर फिलिप (64 वर्ष) धार के चर्च में हैं। वे पूरे डायोसिस क्षेत्र में घूमकर सेवा कार्यो में संलग्न हैं।
>> फादर प्रदीप चैरियन (53 वर्ष) बेटमा पल्ली में है और बिशप के सचिव भी रह चुके हैं। वे झाबुआ और पानीगांव में भी सेवाएं दे चुके हैं। वे इंदौर डायोसिस सर्विसेज सोसायटी के डायरेक्टर भी रह चुके हैं।
>> फादर लूकस (46 वर्ष) बिशप के सचिव रह चुके हैं। फिलहाल केट चर्च में हैं।
>> फादर थामस मैथ्यू (46 वर्ष) देवास में हैं और वे लंबे समय से समाज के लिए काम कर रहे हैं।
>> फादर चार्ली मेघनगर में हैं और वर्षो से समाजसेवा में लगे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: