bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

स्पिनर्स ने मुश्किल में डाले कंगारू

हैदराबाद. बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ 4 दिन के अभ्यास मैच में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की स्पिन गेंदबाजी के सामने कमजोरी खुलकर सामने आ गई। अभ्यास मैच के दूसरे दिन खेल खत्म होने तक पहली पारी में 191 रन पर 4 विकेट गंवाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के 3 विकेट स्पिनर्स के खाते में गए।

राइट आर्म लेग स्पिनर पीयूष चावला ने 2 और बाएं हाथ के स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने 1 विकेट झटका। इससे पहले बोर्ड अध्यक्ष एकादश की टीम लंच ब्रेक से थोड़ी देर पहले 455 रन बनाकर आउट हो गई।

भारत के खिलाफ चार मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले अभ्यास मैच में मेहमान ऑस्ट्रेलिया टीम को कड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ रहा है। बोर्ड अध्यक्ष एकादश की पहली पारी के 455 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को पहला झटका इरफान पठान ने दिया।

उन्होंने मैथ्यू हेडेन (20) को विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों कैच कराया। 26 रन पर पहला विकेट गंवाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम स्पिनर्स के आगे घुटने टेकते नजर आई। स्पिनरों का पहला शिकार साइमन कैटिच (15) बने। उन्हें प्रज्ञान ओझा ने विराट कोहली के हाथों लपकवाया।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने 67 गेंद पर 41 रन की पारी जरूर खेली, लेकिन इस दौरान वे ज्यादा सहज नजर नहीं आए। उन्हें पीयूष चावला ने गुगली पर चकमा देते हुए बोल्ड कर दिया। चावला ने माइकल क्लार्क (18) को भी पेवेलियन का रास्ता दिखाया।

हसी-हैडिन ने संभाला :

यदि माइक हसी (54 नाबाद) और ब्रेड हैडिन (34 नाबाद) स्पिनर्स से मोर्चा नहीं लेते तो ऑस्ट्रेलिया की टीम की हालत और खराब हो सकती थी। ऑस्ट्रेलियाई टीम एक समय 128 रन पर 4 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी, लेकिन हसी और हैडिन ने पांचवें विकेट के लिए 63 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को कुछ हद तक संकट से उबार लिया।

इससे पहले वीरवार के 371 रन पर 6 विकेट से आगे खेलने उतरी बोर्ड एकादश की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल (62) और इरफान पठान (56) ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल जॉनसन ने 4, स्टुअर्ट क्लार्क ने 3 और पी. सिडल ने दो विकेट झटके। ब्रेट ली को एक विकेट मिला।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: