इंदौर. चोरल से करीब सात किमी दूर सुरतीपुरा में गुरुवार को माध्यमिक स्कूल की प्रधान अध्यापक सोनाली बुदे ने महज पहाड़ा याद न होने के कारण दिहाड़ी मजदूर की बेटी चौथी कक्षा की ललिता पिता राजाराम को ऐसा मारा कि उसका हाथ ही टूट गया। पंचायत सचिव की पत्नी प्रधान अध्यापक की कथित राजनीतिक पहुंच के कारण पुलिस में इस मामले की शिकायत भी नहीं की गई।
श्रीमती बुदे ने ललिता से पहाड़ा पूछा। वह नहीं बता पाई तो मुर्गा बनाकर पीठ पर पेन रख दिया। कुछ देर बाद पेन गिर गया तो ऐसा मारा कि ललिता का एक हाथ ही टूट गया। इसके बाद भी वह स्कूल में ही बैठी रही। कुछ देर बाद जब उसके हाथ ने काम करना बंद कर दिया तो कुछ बच्चों ने उसे घर पहुंचाया। पिता ने पूरी कहानी सुनी तो इलाज के लिए अस्पताल ले गए। तब पता चला कि हाथ में फ्रैक्चर है। उन्होंने इस घटना की जानकारी जनपद सदस्य श्रीमती लक्ष्मीबाई को भी दी।
घर में बर्तन मांजना थे, इसलिए नहीं कर पाई याद
दिहाड़ी मजदूर परिवार की ललिता ने बताया उस दिन घर में काम ज्यादा था, इसलिए पहाड़ा याद नहीं कर पाई। मैडम को बताया पर उन्होंने नहीं सुनी। गांव वाले ललिता को लेकर भास्कर कार्यालय आए। उन्होंने कहा श्रीमती बुदे से इस बारे में बात की तो वे बोलीं- कोई मेरा क्या कर लेगा। जनपद हमारी है।
भास्कर से प्रधान अध्यापक ने कहा- बच्चों के झगड़े में हाथ टूटा
श्रीमती बुदे का कहना है लंच टाइम में बच्चे कबड्डी खेल रहे थे। इसी बीच आपस में ललिता और एक अन्य छात्रा का झगड़ा हुआ, जिसमें हाथ टूट गया। उन्होंने मारपीट और सजा की बात से स्पष्ट इनकार किया।
दोनों तरह की कार्रवाई होगी
जनपद पंचायत और गांववालों से पूछताछ करूंगा। यदि ऐसा मामला है तो निश्चित ही जांच होगी। मामला सही साबित होने पर सिविल और आपराधिक दोनो तरह के मामले दर्ज होंगे। साथ ही विभागीय कार्रवाई भी होगी।
- महेशचंद्र चौधरी, सीईओ, जिला पंचायत
आज भेजूंगा टीम
बीईओ और सीईओ से जांच के लिए शनिवार को ही मौके पर भेजता हूं और जांच रिपोर्ट भी देखूंगा। छात्रा के साथ किसी भी तरह की मारपीट हुई होगी तो निश्चित ही कार्रवाई होगी।
- प्रहलादसिंह ठाकुर, अध्यक्ष जिला स्थायी शिक्षा समिति