जयपुर. भामाशाह वित्तीय सशक्तिकरण एवं नारी समृद्धि योजना के एक आदेश पर हाईकोर्ट की ओर से एकतरफा स्टे लगाने से खफा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने महाधिवक्ता बीपी अग्रवाल का इस्तीफा ले लिया है।
उनकी जगह एनएम लोढ़ा को नया महाधिवक्ता बनाया गया है। अग्रवाल ने तीन दिन पहले मुख्यमंत्री को इस्तीफा सौंपा था। हालांकि अग्रवाल ने इस्तीफा देने का कारण स्वास्थ्य ठीक नहीं रहने के कारण पैरवी करने में असमर्थ होना बताया है। इसके अलावा अनिल राजवंशी को अतिरिक्त महाधिवक्ता बनाया गया है। वे जोधपुर पीठ में पैरवी करेंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की पहल पर राज्य सरकार ने चुनाव से पहले भामाशाह वित्तीय सशक्तीकरण एवं नारी समृद्धि योजना लागू की है। इस योजना में बीपीएल, अनुसूचित जाति, जनजाति, लघु और सीमांत किसान परिवारों में महिला के नाम से बैंक खाता खुलवाने पर 1500 रुपए राज्य सरकार की ओर से उपहार स्वरूप दिए जा रहे हैं।
इस योजना को दो निजी कंपनियों के माध्यम से लागू करने के बावजूद राज्य सरकार ने पटवारी, ग्रामसेवक, गिरदावर और तहसीलदारों को भी लगाया था। इसके लिए इन अधिकारी कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में एक स्मार्ट कार्ड पर 2 से 10 रुपए तक दिए जा रहे थे। इस आदेश को एक जनहित याचिका में हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। हाईकोर्ट ने इस याचिका में सुनवाई के बाद प्रोत्साहन राशि देने संबंधी आदेश पर इकतरफा स्टे कर दिया था।