डूंगरपुर. डूंगरपुर में दूसरे दिन शुक्रवार को भी तनाव व्याप्त रहा। गुरुवार रात दो पक्षों में विवाद के बाद बजरंग दल ने डूंगरपुर बंद का आह्वान किया था। इस दौरान पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की कई घटनाएं हरुई।
आक्रोशित युवाओं ने कई दुकानों, गोदाम, मकानों व वाहनों को आग के हवाले कर दिया। भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया। इस मामले में पुलिस ने 24 जनों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तारी और पुलिस के फ्लैग मार्च के बाद ही स्थिति पर काबू पाया जा सका। शहर में स्थिति तनावपूर्ण है, लेकिन नियंत्रण में है।
पुलिस ने की सख्ती : दोपहर तक जिला प्रशासन और पुलिस उपद्रवियों पर काबू पाने में पूरी तरह विफल रहा। करीब एक बजे आईजी रेड्डी डूंगरपुर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर धारा 144 की सख्ती से पालना कराई।
कई स्थानों पर आईजी ने स्वयं कार से उतरकर उत्पातियों पर डंडे बरसाए। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बाहर तक खदेड़ दिया। पुलिस के सख्त रवैये को देख हिंसा पर उतारू भीड़ सड़कों पर नहीं टिक पाई।