नई दिल्ली. भारत दौरे पर आईं अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस ने कहा कि परमाणु करार के संबंध में अब दोनों देशों के बीच अनसुलझे मुद्दे नहीं हैं और जल्द ही इस पर हस्ताक्षर हो जाएंगे। दोनों देशों के बीच इस समझौते में अब राष्ट्रपति बुश के हस्ताक्षर का इंतजार है।
राइस ने शनिवार को यहां विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी से मुलाकात के बाद कहा, ‘प्रशासनिक और प्रक्रियात्मक कारणों से कुछ देर हुई है, जिसे जल्द निपटा लिया जाएगा, राष्ट्रपति जल्द परमाणु करार संबंधी विधेयक पर हस्ताक्षर कर देंगे।’ उनका यह भी कहना था कि अमेरिका भारत के साथ 123 समझौते व हाइड एक्ट में निहित अपनी प्रतिबद्धताएं निभाएगा।
बुश बुधवार को करेंगे साइन
दोनों देश राइस की यात्रा के दौरान 123 समझौते पर हस्ताक्षर करना चाहते थे। हालांकि भारत चाहता था कि 123 समझौते पर हस्ताक्षर से पहले बुश विधेयक पर दस्तखत करें। राइस ने बुश के दस्तखत में हो रही देर के कारणों के बारे में कहा कि पिछले कई हफ्ते व्यस्तता में गुजरे हैं। उधर बुश करार के विधेयक पर बुधवार को साइन करेंगे। कोंडोलीजा राइस ने इस बात को खारिज कर दिया कि परमाणु करार से भारत को अमेरिकी रक्षा बिक्री का रास्ता आसान हो जाएगा। मुखर्जी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जैसे ही इस विधेयक पर दस्तखत कर इसे कानून का रूप देंगे, ‘हम समझौते पर हस्ताक्षर कर देंगे।’ मुखर्जी ने जल्दी ही हस्ताक्षर होने की उम्मीद जताई।