अमृतसरपंजाब में अमृतसर के राजासांसी एअरपोर्ट पर रविवार सुबह कनाडा के लिए उड़ान भरने को तैयार खड़े एक विमान को रोककर उसमें सवार एक वृद्ध एनआरआई दंपती से 3.73 किलो हेरोइन बरामद की गई है। यह कार्रवाई दिल्ली के खुफिया विभाग की सूचना पर की गई।
सूचना के आधार पर डायरेक्टोरेट आफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) के अधिकारियों ने इंडियन एअरलाइंस की उड़ान संख्या-187 को रुकवाकर उसमें बैठे कनाडा निवासी दंपती रमिंदर कुमार निज्जर और एचके निज्जर (50 वर्ष) से तीन पैकेटों में रखी हेरोइन बरामद की और दोनों को हिरासत में ले लिया। यह अप्रवासी भारतीय (एनआरआईं) दंपती मूल रूप से पंजाब के नकोदर का रहने वाला है।
दिल्ली खुफिया विभाग ने सूचना दी थी कि इस विमान से टोरंटो जा रही हरजीत कौर नामक महिला के पास आपत्तिजनक वस्तुएं हैं। हालांकि यात्रियों से संबंधित कागजात की जांच करने के बाद भी डीआरआई के अधिकारियों को इस महिला के बारे में पता नहीं चल पा रहा था।
विमान रोकने के बाद करीब एक घंटे की छानबीन के बाद अधिकारियों को पता चला कि एचके निज्जर ही हरजीत कौर है। सूत्रों के मुताबिक, सुबह जब विमान रोका गया तब यह उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार था और यदि इसे दो मिनट और नहीं रोका जाता तो यह उड़ान भर चुका होता।
कनाडा का ड्रग रैकेट पंजाबियों के कब्जे में :
डीआरआई के ज्वाइंट डायरेक्टर धीरज कुमार रस्तोगी ने बताया कि कनाडा का ड्रग माफिया पूरी तरह से पंजाबियों के कब्जे में है।
हालांकि अब कनाडा जा रहे पंजाब के युवाओं को इस माफिया की गिरफ्त में न आने देने के प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले कुछ सालों में पकड़े गए एनआरआई तस्करों में 60 से 70 फीसदी कनाडा के ही थे। पिछले दस सालों में कनाडा जाने वाले पंजाबियों में अधिकतर ट्रक ड्राइवर, बार में काम करने वाले जैसे लोग हैं, जो ड्रग माफिया का आसान लक्ष्य माने जाते हैं। अब ऐसे लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।