उदयपुर. कुछ साल पहले आई फिल्म ‘स्वदेश’ आपको याद ही होगी। इसमें मोहन भार्गव का किरदार निभाने वाले शाहरुख खान देशसेवा के लिए अमेरिका की अच्छी खासी नौकरी छोड़ कर भारत में ही बस जाते हैं। ऐसे ही एक मोहन भार्गव हैं राजस्थान के उदयपुर के डॉ. अरविंद सिंह।
देश में अपनी सेवाएं देने के लिए पैथालॉजिस्ट डॉ. सिंह ने विदेशी अस्पताल से मिला 90 लाख रुपए का सालाना पैकेज ठुकरा दिया है। आईआईएम-इंदौर से एमबीए कर रहे डॉ. सिंह ने राजस्थान में ही रहकर देश के लिए काम करने की इच्छा जताई है।
पिरामल डायग्नोस्टिक (अमोलक) के प्रबंध निदेशक डॉ. अरविंद सिंह को स्कॉटलैंड के रॉयल विक्टोरिया अस्पताल ने मुख्य पैथालॉजिस्ट पद का प्रस्ताव दिया था। इसके लिए उन्हें वेतन व अन्य भत्तों के रूप में 90 लाख का वार्षिक पैकेज देने की बात कही थी।
इसके अलावा प्रस्ताव में तीन साल के बाद करार आगे बढ़ाने की शर्त भी थी। उनके अनुसार देश में चिकित्सा के क्षेत्र में काम करने के काफी अवसर हैं, इसलिए उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकराया है।
उन्होंने आधुनिक पद्धतियों के माध्यम से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने की भी इच्छा जताई है।