मुंबई. मुंबई के जुहू इलाके में आज देर रात एक पब में चल रहीं रेव पार्टी पर नारकोटिक्स विभाग ने छापा मारकर 231 लड़के- लड़कियों को हिरासत में ले लिया है।
इस बड़े छापे में भारी मात्रा में ड्रग्स, चरस, गांजा बरामद किया गया है और कई युवा नशे की हालत में पाए गए हैं। पकड़े गए सभी युवा मुंबई के अमीर घरानों से बताए जा रहे हैं और इनको हिरासत में लेने के साथ ही मेडिकल चेकअप के लिए जेजे हॉस्पीटल और भाभा हॉस्पीटल भेज दिया गया है।
लगभग 600 लोगों के शामिल होने की उम्मीद
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस हिरासत में भले ही मात्र 231 लोग पकड़ में आ सके हैं लेकिन छापा पड़ने से पहले यहां कम से कम 600 लोग इस पार्टी में शामिल थे। पुलिस का छापा पड़ता इससे पहले वे यहां से बच निकलने में कामयाब हो गए।
बॉलीवुड के कई नामी घरानों के बच्चे भी
आज इस पार्टी में गिरफ्तार लड़के - लड़कियों में बताया जा रहा है कि कई बॉलीवुड के बड़े घरों से संबंध रखते हैं हालाकिं अभी खुलकर किसी का नाम नहीं बताया जा रहा है। इन नामों में जो एक बड़ा नाम सामने आया है वह शक्ति कपूर के बेटे सिंद्धात कपूर का नाम लिया जा रहा है, वे अभी पुलिस की हिरासत में हैं और उनका मेडिकल चेकअप चल रहा है। सूत्रों से प्राप्त जानकारीं के अनुसार एक बड़ा नाम फिल्म अभिनेता और सांसद राज बब्बर के पुत्र प्रतीक बब्बर का भी बताया जा रहा है लेकिन इसकी अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
ड्रग्स के बड़े रैकेट का पर्दाफाश होने की उम्मीद
नार्कोटिक्स विभाग को आज रात दो लोगों ने सूचना दी की जुहू के बांबे-72 डिस्कोथेक में एक रेव पार्टी चल रही है जहां बड़ी संख्या में टीन एज उम्र के लड़के - लड़कियों के साथ 20 से 30 साल के युवा ड्रग्स ले रहे हैं और यहां भारी मात्रा में ड्रग्स का व्यापार हो रहा है। इसके बाद नार्कोटिक्स विभाग ने यह छापा डाला। इस छापे में आठ ड्रग पैडलर हिरासत में लिए गए हैं और इसके साथ ही एक व्यक्ति इजरायल का भी बताया जा रहा है।
पब की डीजे करता था ड्रग की सप्लाई
सूचना के अनुसार इस पब का डीजे जो कि ड्रग्स सप्लाई करने में प्रमुख भूमिका निभाता था। बताया जा रहा है कि इस धंधे को कोड वर्ड के आधार पर चलाया जाता था जब ड्रग की सप्लाई या रेव पार्टी का आयोजन का समय होता था तो सदस्यों को कोड वर्ड के आधार पर सूचना दे दी जाती थी जिसके बाद वे वहां पहुंच जाते थे।
पकड़े गए युवाओं में 35 लड़किया भी
पुलिस ने जिन 231 लड़के-लड़कियों को हिरासत में लिया है उसमें से 35 लड़कियां भी हैं। इन 231 लोगों में कई की उम्र 18 से 19 साल के आसपास है। पब के बाहर इस बात का बोर्ड जरूर लगा बताया जा रह है कि यहां केवल 21 साल से ज्यादा उम्र के युवा प्रवेश पा सकते हैं लेकिन बड़ी संख्या में टीनएज लड़के-लड़कियां भी इस रेव पार्टी की मस्ती में शामिल थे।