नई दिल्ली.
भारतीय क्रिकेट टीम की बल्लेबाज चौकड़ी सचिन, सौरव, द्रविड़ और लक्ष्मण के संन्यास पर चल रही बहस में पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कप्तान वसीम अकरम भी शामिल हो गए हैं। बकौल, अकरम इन बल्लेबाजों में अभी दो साल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की क्षमता है।
अकरम ने रविवार को यह बात उस वक्त कही, जब एक दिन पहले ही बीसीसीआई के पूर्व सचिव निरंजन शाह ने कहा था कि यदि यह चौकड़ी समय रहते संन्यास नहीं लेती तो भारतीय क्रिकेट बोर्ड उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा सकता है।
अकरम ने कहा कि सचिन तेंडुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण के बिना भारतीय टीम की कल्पना करना भी कठिन है।
पूर्व पाक कप्तान ने कहा कि उनकी समझ में नहीं आ रहा है कि ये बहस क्यों शुरू की गई। हर व्यक्ति यह पूछ रहा है कि वे कब संन्यास लेंगे। अकरम ने सवालिया अंदाज में कहा कि अनिल कुंबले तो सचिन-सौरव से भी अधिक उम्र के हैं, आखिर इस बहस में उनका नाम क्यों नहीं है।
अकरम ने कहा कि बीसीसीआई को इन सीनियर क्रिकेटरों को टीम से बाहर का रास्ता दिखाने के बजाय यह तय करना चाहिए कि जूनियर खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा मैच इनके साथ खेल सकें। उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में अनुभव और जोश दोनों की दरकार होती है। इस लिहाज से टीम में सीनियर और जूनियर खिलाड़ियों को अच्छा संतुलन टीम को मजबूत बनाता है। भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज के बारे में अकरम ने कहा कि इस सीरीज में मेजबान भारत का पलड़ा भारी रहेगा।