भोपाल. राजधानी में जल संकट भयावह होता जा रहा है। अब यह तय है कि यदि समय रहते पानी के दुरूपयोग को नहीं रोका गया तो अगले मानसून के पहले तक शहर पूरी तरह सूख जाएगा।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन तथा नगर निगम अपने-अपने स्तर पर प्रयास शुरू कर रहे हैं। इस बीच यह तथ्य भी सामने आ रहा है कि शहर के बाशिंदों को इस स्थिति का मुकाबला करने के लिए स्वयं के स्तर पर भी अनेक प्रयास करने होंगे।
एफआईआर भी होगी दर्ज
नगर निगम के नगर यंत्री (द्रव) सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि राजधानी में जल संकट को देखते हुए पेयजल पाइप लाइन के लीकेज को शीघ्र दुरुस्त किया जाएगा, ताकि पानी की बर्बादी न हो। इसके बावजूद यदि कोई पानी का दुरुपयोग करते पाया गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिन इलाकों में जरूरत से ज्यादा पानी सप्लाई हो रही है उन क्षेत्रों में पानी आपूर्ति में कटौती की जाएगी। निगम द्वारा लोगों को पानी की महत्ता के साथ पानी बचत के नुस्खे बताए जाएंगे। जिन क्षेत्रों में कुएं, बावड़ी हैं उनसे पेयजल आपूर्ति करने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि बड़ी झील पर अधिक भार न पड़े।
इंडस्ट्रियल एरिया को राहत मिलने की उम्मीद
पिछले काफी समय से पेयजल संकट झेल रहे गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र को अब राहत मिलने की उम्मीद है। वहां जवाहर लाल नेहरू शहरी नवीनीकरण मिशन योजना के तहत शीघ्र ही पाइपलाइन बिछाने का काम शुरु होगा
बढ़े निजी टेंकर के रेट
पेयजल आपूर्ति प्रभावित होते ही पानी की ब्रिकी करने वालों ने एकदम से टेंकर का रेट बढ़ा दिया है। जानकारी के अनुसार तीन माह पहले जो टेंकर 250 रुपए में मिलता था वो अब 450 से 1000 रुपए में मिलने लगा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन कड़ी कार्रवाई का मन बना रहा है। कलेक्टर मनीष रस्तोगी ने बताया कि जरूरत पड़ी तो निजी टेंकरों पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
ये करें शहरी
>> घर के पूरे नल और पाइपलाइन की लीकेज जांच करवाएं।
>> गार्डन में पानी अलसुबह या देर शाम को डालें। पौधे भी ऐसे लगाएं जो कम पानी की खपत में पनपते हैं।
>> गार्डन में स्प्रिंकलर का इस्तेमाल बंद कर दें।
>> वाशिंग मशीन को अधिकतम क्षमता पर चलाएं। साथ ही मशीन ‘एनर्जी स्टार’ वाली खरीदें।
>> कम पानी क्षमता वाले फ्लश खरीदें।
>> दाढ़ी बनाते, ब्रश करते और हाथ धोते समय बेसिन का नल बंद रखें। जब जरूरत हो तभी पानी का इस्तेमाल करें।
>> शावर के स्थान पर बाल्टी और मग से नहाएं।
>> खाद्य पदार्थ डिफ्रॉस्ट करने के लिए माइक्रोवेव ओवन का इस्तेमाल करें।
>> किचन में बर्तन मांजने के लिए एक बर्तन साबुन के पानी का बनाऐं और दूसरा उसे साफ करने के लिए। साथ ही बर्तन के इस्तेमाल में भी किफायत बरतें। उदाहरण के तौर पर परिवार का एक सदस्य एक ही गिलास से पानी पिए।
>> मकानों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग पद्घति अपनाएं
- (विशेषज्ञों से बातचीत के आधार पर)