सागर. मध्यप्रदेश में सागर जिले के खुरई कस्बे में दुर्गा प्रतिमा खंडित होने के कारण रविवार को भारी तनाव के बाद संघर्ष की नौबत आ गई। दो समुदाय के बीच संघर्ष रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिससे भड़के लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
इस संघर्ष में छह पुलिसकर्मियों सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है और पूछताछ के लिए 50 को हिरासत में लिया गया है। कस्बे में एहतियात के तौर पर 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
क्या है मामला : शनिवार रात कस्बे के सागर नाके पर दुर्गा प्रतिमा पंडाल में कुछ लोगों ने एक युवक पर तलवार से हमला कर दिया था। तलवार लगने से प्रतिमा खंडित हो गई। तनाव शांत करने के लिए पुलिस-प्रशासन ने रविवार सुबह शांति समिति की बैठक बुलाई थी।
ऐसे हुआ संघर्ष : बैठक के बाद लौट रहे एक पक्ष के लोगों पर दूसरे पक्ष के 10-15 लोगों ने तलवारों से हमला करने की कोशिश की। यह खबर सुनते ही पहले पक्ष के लोग भी संघर्ष पर उतारू हो गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोककर लाठीचार्ज कर दिया।
इससे भड़के लोगों ने भी पुलिस पर पथराव किया, जिसमें पुलिसकर्मियों समेत दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक मामले में दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोगो के खिलाफ मारपीट, बलवा, जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।