लंदन.
स्टील व्यवसायी लक्ष्मी निवास मित्तल को वैश्विक वित्तीय संकट के चलते प्रति घंटे की दर से 60 लाख पाउंड (करीब 49.78 करोड़ रुपए) का चूना लगा है।
58 वर्षीय मित्तल वैश्विक मंदी का नुकसान झेलने वाले दस सर्वाधिक धनी उद्यमियों की सूची में पहले स्थान पर हैं। इनका कुल नुकसान 16.6 अरब पाउंड (करीब 1.37 लाख करोड़ रुपए) है, जो सूची में शामिल दूसरे रईसों से कहीं ज्यादा है।
हिस्सेदारी का मूल्य घटा
समूह की कंपनी आर्सेलर-मित्तल में मित्तल परिवार की हिस्सेदारी का मूल्य आधा रह गया है। 4 जून को आर्सेलर में उनके परिवार की संयुक्त हिस्सेदारी का मूल्य ३३.२४ अरब पाउंड (करीब २.७५ लाख करोड़ रुपए) था। वहीं पिछले शुक्रवार तक यह घटकर १६.६३ अरब पाउंड रह गया है।
संयुक्त नुकसान 1.90 लाख करोड़ रुपए
संडे टाइम्स के अनुसार सूची में शामिल रईसों के शेयर पोर्टफोलियो में संयुक्त रूप से करीब २३ अरब पाउंड (करीब 1.90 लाख करोड़ रुपए) की गिरावट दर्ज की गई है। वैश्विक मंदी के ही कारण एक अन्य अनिवासी भारतीय उद्यमी अनिल अग्रवाल की कंपनी के शेयरों की कीमत २.७ अरब पाउंड (२२ हजार करोड़ रुपए) घट गई है। सूची में शामिल एक अन्य प्रमुख नाम फुटबाल क्लब न्यूकैसेल यूनाइटेड के मालिक माइक एश्ले का है, उन्हें भी मंदी का तगड़ा झटका लगा है।
मित्तल की जीवनशैली दिखावे से दूर है, वे बेहद सतर्कता से धन खर्च करते हैं। उन्हें मजाक में कहना पसंद है कि उनके निजी हवाई जहाज में शैम्पेन की जगह पिज्जा परोसा जाता है।’
-टिम बुके, लेखक