bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

इस्तीफा मंजूर होने के आसार नहीं

इंदौर. संघ के क्षेत्रीय प्रचारक विनोद अग्रवाल से टेलीफोन पर कहा-सुनी के बाद गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के इस्तीफे को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने ज्यादा महत्व न देने का फैसला किया है।

श्री कोठारी के इस्तीफे को भावावेश में लिया गया कदम माना गया है और इसके मंजूर होने के आसार नहीं हैं। इधर संगठन के अनुशासन के चलते सभी पक्षों ने इस मुद्दे पर चुप्पी साध ली है। यह भी तय हुआ कि अब इस तरह के विवाद पर मीडिया से कोई बात नहीं की जाए और पूछे जाने पर मना ही किया जाए।

क्षेत्रीय प्रचारक जैसे अपने एक वरिष्ठ पदाधिकारी का नाम इस विवाद में सार्वजनिक होने के बाद संघ ने इस मुद्दे पर बेहद आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया था लेकिन रविवार को अलग-अलग स्तर पर हुई चर्चा के बाद अब विवाद का पटाक्षेप होता नजर आ रहा है।

इस मुद्दे पर रविवार को भोपाल से लेकर रतलाम तक खासी गहमागहमी रही और सब इस कोशिश में लगे रहे कि आखिर दो दिग्गजों का यह विवाद सार्वजनिक कैसे हुआ। रविवार दोपहर विदिशा रवाना होने के पहले मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अपने निवास पर इस मुद्दे पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श किया और श्री कोठारी से टेलीफोन पर चर्चा की।

भास्कर द्वारा श्री कोठारी तथा श्री अग्रवाल के बीच विवाद की खबर प्रकाशित किए जाने के बाद सबसे पहले संघ के शीर्ष नेतृत्व ने इस बारे में मुख्यमंत्री से पूछताछ की। इसके बाद मुख्यमंत्री तथा संगठन महामंत्री के बीच इस मुद्दे पर चर्चा हुई। इधर दिनभर के आलीराजपुर दौरे के बाद श्री कोठारी रात को रतलाम पहुंचे और वहां उन्होंने उन तमाम लोगों को भाजपा कार्यालय तलब किया जो श्री अग्रवाल से उनके टेलीफोन पर संवाद के दौरान वहां मौजूद थे।

भास्कर ने पहले ही बता दिया था इस्तीफे का हश्र
-गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के इस्तीफे की खबर के प्रकाशन के साथ ही भास्कर ने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि इस्तीफा मंजूर होने के आसार नहीं हैं
- उन्होंने इस्तीफा दिया इसकी भास्कर के पास तथ्यपरख जानकारी थी।
किससे टाइप करवाकर (सहायक पंकज शर्मा), कितनी बजे (रात 9.30 बजे) और कहां (रतलाम) से फैक्स किया गया यह बहुत स्पष्ट कर दिया गया था।
- श्री कोठारी से भास्कर ने शनिवार को ही बात की थी जिसमें उन्होंने इस्तीफा देने की खबर से इंकार नहीं किया बल्कि कहा ‘मुझे अभी इस मुद्दे पर कोई बात नहीं करना।’
- क्षेत्रीय प्रचारक ने खुद भास्कर से चर्चा में स्वीकारा था कि उनकी श्री कोठारी से बातचीत हुई थी।
- भास्कर की खबर के उपशीर्षक में स्पष्ट है कि श्री कोठारी ने विवाद के दौरान ही क्षेत्रीय प्रचारक से कहा था कि इस्तीफा भेज रहा हूं, आप स्वीकार करवा दीजिए जिससे स्पष्ट होता है कि इस्तीफा स्वीकार होना ही नहीं था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: