bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

आज उमड़ेगा भक्तों का रेला

बिलासपुर. माता के जयकारे लगाते ये श्रद्धालु आधी रात सप्तमी व अष्टमी की संधि बेला में रतनपुर पहुंचकर महामाया के चरणों में माथा टेकेंगे। समाजसेवी संस्थाओं द्वारा बिलासपुर से रतनपुर तक स्टाल लगाकर पदयात्रियों की सेवा की जाएगी। इधर शहर में दर्जनों स्थानों पर सजे-धजे पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं।

मंदिरों में आज षष्टमी के अनुष्ठान हुए। रतनपुर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में महाष्टमी पूजा व हवन 7 अक्टूबर को किया जाएगा। शारदीय नवरात्र पर शक्ति की रूप नवदुर्गा की उपासना की जा रही है। आराधना के इस विशेष काल में देवी दर्शन करने के लिए प्रतिदिन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शारदीय व वासंती नवरात्र में सप्तमी से नवमी तिथि तक तीन दिनों का समय विशेष पुण्य देने वाला माना जाता है, लिहाजा तीनों दिन मंदिरों में शेष तिथियों की अपेक्षा दुगुनी भीड़ पहुंचने की संभावना है।

इसे देखते हुए सभी जगहों पर खास इंतजाम किए जा रहे हैं। पिछले साल सप्तमी की रात लगभग सवा लाख दर्शनार्थी रतनपुर पहुंचे थे। इस बार भी बिलासपुर के अलावा पाली, कटघोरा, रतनपुर सहित इन क्षेत्रों के ग्रामों से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचेंगे। बिलासपुर से पदयात्रियों की रवानगी का सिलसिला शाम ढलते ही शुरू हो जाएगा। रतनपुर तक 22 किलोमीटर की दूरी पदयात्री माता के जयकारे लगाते हुए तय करेंगे। भोर होने तक सड़क पर लोगों की भीड़ नजर आएगी।

हर साल की तरह पदयात्रियों के लिए इस बार भी व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। 100 से अधिक समाजसेवी संगठन सड़क के दोनों ओर स्टाल लगाकर रतनपुर जाने वाले लोगों को चाय, काफी, शरबत, फल व खाने-पीने की सामग्रियां वितरित करेंगे। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग से व्यवस्था होगी।

साहेब कलेक्शन के अजय गुरुबानी एवं उनके सहयोगियों द्वारा सेंदरी में श्रद्धालुओं को चाय-शरबत व फलों का वितरण किया जाएगा। सेंदरी, कोनी स्थित अघोरपीठ आश्रम में भी पदयात्रियों को चाय-शरबत आदि वितरित किए जाएंगे। रतनपुर में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए मंदिर के पट 24 घंटे खुले रखे जाएंगे। डिडनेश्वरी मंदिर मल्हार, महामाया मंदिर बैमा-नगाई व काली मंदिर तिफरा में कल पूरे दिन भक्तों की कतार लगी रहेगी। देवी मंदिरों में कन्या भोज, हवन व समापन के अनुष्ठानों की तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं।

झांकियां देखने उमड़ेगी भीड़
शहर के मध्यनगरीय चौक में करीब डेढ़ लाख की लागत से शिवलिंग व सर्पो की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, वहीं मसानगंज में नवयुवक दुर्गोत्सव समिति द्वारा कृष्ण-गोवर्धन पर्वत की झांकी बनाई गई है। समिति के अध्यक्ष विजय वर्मा ने बताया कि यहां निरंतर 40वें हो रहे आयोजन में साईं भंडारे की झांकी आकर्षण का केंद्र होगी, जो पुणो से लाई गई है। इसी तरह तिलक नगर स्थित कोन्हेर गार्डन में भव्य पंडाल तैयार किया गया है। जहां पंचानन गणोश जी की विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: