नई दिल्ली. संसद नोट कांड में जांच कमेटी ने सपा के महासचिव अमर सिंह व कांग्रेसी नेता अहमद पटेल को क्लीन चिट दी है।
22 जुलाई के दिन यूपीए के विश्वास मत के दौरान लोकसभा और पूरे देश को शर्मसार कर देने वाले कैश फॉर वोट कांड की जांच कर रहे किशोर चंद्र समिति ने एक रिपोर्ट में सपा नेता अमरसिंह और कोंग्रेसी नेता अहमद पटेल के बारे में कहा कि इनके खिलाफ कोई भी सबूत मौजूद नहीं हैं।
संसदीय जांच कमेटी ने कहा कि इस नोट कांड की जांच एक निष्पक्ष जांच कमेटी के द्वारा जारी रहनी चाहिए और जांच समिति को इस बात की तरफ ध्यान देना होगा कि भाजपा सांसदों के घर गए समाजवादी नेता रेवतीरमन सिंह की इसमें क्या भूमिका है। रमन ने यह स्वीकार किया है कि घूस देने के समय वे वहां उपस्थित थे।
गौरतलब है कि २२ जुलाई को विश्वास मत के दरमियान संसद में तीन भाजपा नेताओं द्वारा नोटों की गड्डी को हवा में उछालने को लेकर हंगामा खड़ा हो गया था। उस समय भाजपा सांसदो ने आरोप लगाया था कि संसद में विश्वासमत के दौरान अनुपस्थित रहने पर उनको नोटों का ऑफर दिया गया।
इस नोट कांड में सपा नेता अमरसिंह और कांग्रेस नेता अहमद पटेल का नाम भी शामिल हो गया था जिसके बाद आज जांच समिति ने इन्हें क्लीन चिट दी है।