Business
Dalal Street Dalal Street भोपाल. लहूलुहान शेयर बाजार के जख्मों ने राजधानी के उन निवेशकों को भी तकलीफ दी है जिनके गाढ़े पसीने की कमाई शेयर बाजार में लगी है। आज की गिरावट को देखकर उन ब्रोकरों के चेहरे सफेद पड़ गए जिन्होंने बाजार में खुद भी निवेश कर रखा था।
सोमवार को बाजार खुलते ही नीचे की ओर चल पड़ा था और शहर के शेयर टर्मिनल्स में बैठे निवेशकों में हताशा और निराशा का माहौल था। अपने शेयरों की कीमतों को जमीन पर आते देख कई निवेशकों ने फिलहाल शेयर बाजार से तौबा कर ली है।
विशेषज्ञों के मुताबिक मंगलवार को शेयर बाजार का रुख मिश्रित रह सकता है क्योंकि डाउ जोंस के 500 अंक तक गिरने की खबर है वहीं अच्छी खबर सीआरआर के आधा प्रतिशत घटने की है।
सोमवार को पिछले एक महीने से शेयर बाजार में आ रही रिकार्ड गिरावटों ने देश सहित राजधानी के निवेशकों के भी होश उड़ा रखे है। 90 फीसदी निवेशकों के शेयर पोर्टफोलियों में 20 से 35 फीसदी तक की कमी आने के बाद बाजार से दूरी बना रखी है। सामान्य दिनों रोजाना 200 करोड़ का कारोबार करने वाले शहर में मंदी के चलते कारोबार 30-40 करोड़ में सिमट गया है। जानकारों के मुताबिक इस समय निवेशक बाउंस बैक खेल सकते हैं लेकिन शार्ट टर्म के लिए क्योंकि शेयर बाजार को एक चोट अभी और लगने की आशंका है।
सोचसमझ कर शेयर बाजार में निवेश किया जाए तो घाटे से बचा जा सकता है। निवेशकों को धेर्य के साथ अच्छी कंपनी के शेयरों को पकड़ कर रखना चाहिए।
-संतोष अग्रवाल, अध्यक्ष भोपाल स्टाक इन्वेस्टर एसोसिएशन।
फ्रंटलाइन शेयरों में ही काम करें और खराब परिणाम दे रहे शेयरों को मंदे में निकालने की क्षमता बनाएं।
-रमेश चन्द्र मनया, ब्रोकर ।
बाजार में दुबारा सुधार की प्रक्रिया शुरू होने में अभी समय है। घाटे में पहुंचे निवेशक इंतजार करें।
-अरविंद जैन, ब्रोकर