भोपाल. शहर में दशहरा पर्व मनाए जाने की तैयारियां जोरों पर चल रहीं हैं। नौ अक्टूबर को निकाले जाने वाले चल समारोह के लिए भगवान राम के रथ सज रहे हैं। रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का निर्माण भी किया जा रहा है।
पुराने शहर में जिला प्रशासन द्वारा गठित दशहरा उत्सव समिति के बैनर तले मारवाड़ी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर से दोपहर दो बजे चल समारोह निकलेगा, जो विजय भूमि छोला पहुंचेगा। यहां रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा।
इस मौके पर रंगारंग आतिशबाजी भी होगी। समिति के संयोजक पं. ओम मेहता सोमवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि छोला मैदान पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे। अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी करेंगे। सांसद कैलाश जोशी, मंत्री बाबूलाल गौर व महापौर सुनील सूद विशेष अतिथि रहेंगे। इस अवसर पर श्री चौहान का अभिनंदन किया जाएगा।
इससे पूर्व बांके बिहारी मंदिर से चल समारोह निकलेगा। इसमें भगवान राम के रथ के साथ ही झांकियां, बैंड व ध्वज आकर्षण का केंद्र होंगे। पुराने शहर में ही हिंदू उत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष नरेश राव जाधव ने भी मारवाणी रोड से दशहरा चल समारोह निकालने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पर्व की तैयारियां की जा रहीं हैं।
टीटी नगर के दशहरा मैदान पर नागरिक कल्याण समिति के बैनर तले उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। राज्यपाल डॉ. बलराम जाखड़ समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। प्रवक्ता राजेश वर्मा सोनी ने बताया कि यहां पर रावण दहन के साथ ही रंगारंग आतिशबाजी भी होगी।
शाहपुरा उत्सव समिति द्वारा रावण दहन व अन्य कार्यक्रम किए जाएंगे। इसके पहले शाम शाहपुरा दुर्गा मंदिर से चल समारोह निकलेगा। गोविंदपुरा दशहरा मैदान पर शाम छह बजे विजयादशमी पर्व मनाया जाएगा। रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा।
चल समारोह भी निकलेगा। हिंदू उत्सव समिति, कोलार द्वारा दशहरा मैदान पर आयोजित समारोह में रावण दहन, आतिशबाजी व अन्य रंगारंग कार्यक्रम किए जाएंगे। बैरागढ़ दशहरा मैदान पर विजयादशमी पर्व की तैयारियां की जा रही हैं। यहां रावण दहन व भगवान राम का विजय तिलक होगा।
बाग मुगालिया एक्सटेंशन उत्सव समिति द्वारा विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाने की तैयारियां की जा रहीं हैं। रावण दहन व रंगारंग आतिशबाजी होगी। इसी तरह कोहेफिजा, गांधीनगर, निशातपुरा, पश्चिम मध्य रेल संस्थान रेलवे ग्राउंड, विजयनगर, करोद, आनंद नगर व अयोध्या नगर आदि स्थानों पर भी दशहरा उत्सव मनाया जाएगा।
रावण उगलेगा गोले और शोले
अरेरा उत्सव समिति दैनिक भास्कर द्वारा बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान में विजया दशमी पर आयोजित समारोह में रंगारंग आतिशबाजी मुकाबला होगा। इस मौके पर रावण दहन का नजारा भी कम रोमांचित करने वाला नहीं होगा। भगवान राम के तीर छोड़ते ही पचपन फीट ऊंचे रावण के पुतले के सिर से छूटेंगे आग के गोले। आंखों से निकलते दिखेंगे आग के शोले। मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का भी दहन होगा। समारोह की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बिट्टन मार्केट की अरेरा राजधानी उत्सव समिति के महासचिव संजय सोमानी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आगामी 9 अक्टूबर को यहां दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। रावण दहन का नजारा रोमांचकारी होगा। ग्वालियर व राधोगढ़ के आतिशबाज रंगारंग आतिशबाजी करेंगे। इनके बीच आतिशबाजी के प्रदर्शन का मुकाबला होगा।
श्री सोमानी ने बताया कि दहन के लिए रावण का पुतला इस तरह बनाया जा रहा है कि दहन के दौरान उसकी आंखें, मुकुट और गले में पड़े हार की चमक अलग ही दिखाई देगी। सिर से धमाका करते गोले छूटेंगे और आंखों से शोले निकलते दिखेंगे। दशहरा चल समारोह बारह नंबर स्थित मीरा मंदिर से दोपहर को प्रारंभ होगा जो आयोजन स्थल पर पहुंचेगा। शाम साढ़े छह बजे दशहरा उत्सव शुरू होगा। यहां भगवान राम की आगवानी कर तिलक किया जाएगा।
रविवार को महापौर सुनील सूद व कलेक्टर मनीष रस्तोगी ने दशहरा मैदान का निरीक्षण किया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष राजेश व्यास, रीजकुमार बतरा, राजेश खरे, गुरूचरण सिंह अरोरा व विष्णु राने आदि भी मौजूद थे।